कानून की प्रक्रिया पूरी होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी:मीनाक्षी लेखी

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर आगरा में प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में आई केंद्रीय राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने पहलवानों के प्रदर्शन पर कहाकि कानून की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। दिल्ली में साक्षी मर्डर केस पर उन्होंने कहाकि बेटियों को जागरूक करना होगा। वहीं, अन्य कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरजीत सिंह ने राहुल गांधी को मंदबुद्धि बताया।

मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत गुरुवार शाम को होटल मधुश्री में केंद्रीय राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी आगरा आई। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने पहलवानों के धरने पर कहाकि देश में कानून व्यवस्था के तहत फैसले होते हैं। कौन सच्चा, कौन झूठा, ये कानून की प्रक्रिया पूरी होने दें। प्रक्रिया पूरी होने के बाद सच्चाई सबके सामने आ ही जाएगी।

लव जेहाद और दिल्ली में साझी मर्डर केस पर उन्होंने कहाकि साझी और साहिल का मामला सबके सामने है। इससे पहले केरल स्टोरी जैसे मामले भी आए हैं। ऐसे में बेटियों को जागरूक करना होगा। उन्हें इस विषय पर बताना होगा। इसमें माताओं की भूमिका अहम है। उन्हें बेटियों से इसको लेकर बात करनी होगी।

उन्होंने कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ साल में जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की रफ्तार बढ़ाई है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उनसे कहाकि लोगों के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियां बताएं। इस दौरान महानगर अध्यक्ष भानु महाजन, विधायक धर्मपाल सिंह, एमएलसी विजय शिवहरे आदि उपस्थित रहे।

सांसद राजकुमार चाहर ने गिनाई उपलब्धियां
इससे पहले दोपहर में होटल पीएल पैलेस में फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने सरकार के नौ साल पूरे होने पर प्रेस वार्ता का आयोजन किया। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरजीत सिंह ग्रेवाल उपस्थित रहे। उन्होंने सरकार के कामों के बारे में जानकारी दी। कहाकि नौ साल सुशासन, सेवा और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं।

वहीं, राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पर दिए गए बयान पर उन्होंने राहुल गांधी को मंदबुद्धि बताया। उन्होंने कहाकि भगवान से प्रार्थना करते हैं कि राहुल गांधी को सदबुद्धि दे। वो दुरुस्त रहें।

पंजाब के हालत पर उन्होंने कहाकि वहां कुछ भी होता है तो जनता कहती है कि यहां भी योगी जी जैसा मुख्यमंत्री होना चाहिए। वहीं, सांसद राजकुमार चाहर ने अपने कार्यकाल में कराए गए कामों के बारे में बताया। उन्होंने कहाकि जल्द ही बाह में पोस्टमार्टम गृह बनवाया गया है। इसी माह शुरू हो जाएगा।