प्रदेश सरकार ने अब तक 500 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी, इनमें डिप्टी एस0पी0 व नायब तहसीलदार के पद शामिल : मुख्यमंत्री

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने अब तक 500 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी है। इनमें डिप्टी एस0पी0 व नायब तहसीलदार के पद भी शामिल हैं। पुलिस विभाग में अलग-अलग श्रेणियों में भर्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। खिलाड़ियों के लिए 500 नये पद निकल रहे हैं।

राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के लिए भर्ती में 02 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की है। जो खिलाड़ी ओलम्पिक खेल, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, विश्व चैम्पियनशिप या फिर नेशनल गेम्स में मेडल प्राप्त करेगा, उसको सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था प्रदेश सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री जी आज जनपद बस्ती में शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में सांसद खेल महाकुम्भ के शुभारम्भ अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने सांसद खेल महाकुम्भ के तीसरे संस्करण का शुभारम्भ किया। इसके बाद कबड्डी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सांसद खेल महाकुम्भ प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में आयोजित हो रहे हैं। यह प्रतियोगिताएं हमारे युवाओं की ताकत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने व उनके सामर्थ्य को प्रदर्शित करने का एक अवसर प्रदान करती हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने खेलो इण्डिया कार्यक्रम, फिट इण्डिया मूवमेंट, सांसद खेल प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रमां के माध्यम से खेलां को प्रोत्साहित करने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में खेल व खिलाड़ियों के विकास व प्रोत्साहन के लिए अनेक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया है। हर गांव में ओपेन जिम के साथ खेल का मैदान, सभी विकासखण्डों में मिनी स्टेडियम तथा प्रत्येक जनपद में स्टेडियम बनाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। राज्य सरकार ने प्रदेश में 65 हजार युवक मंगल दल व महिला मंगल दल को स्पोर्ट्स किट्स उपलब्ध कराने की कार्यवाही को आगे बढ़ाया है।

 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के विजन को धरातल पर उतारने के परिणाम आज हम सबके सामने हैं। आज देश में खेल क्षेत्र में सामर्थ्य विकसित हुई है। इस सामर्थ्य का परिणाम है कि भारत ने इस बार ओलम्पिक में अब तक के सर्वाधिक मेडल जीते हैं। एशियन गेम्स में भी रिकॉर्ड 100 से अधिक पदक भारत ने जीते हैं।

विगत साढे़ नौ वर्षां में हम एक नये भारत का दर्शन कर रहे हैं। यह नया भारत जिसमें 142 करोड़ लोगों को गौरव के साथ आगे बढ़ने और बिना भेदभाव के विकास की प्रक्रिया से जोड़ने का एक अवसर प्राप्त हुआ है। वर्ष 2014 में देश दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था के रूप में जाना जाता था। प्रधानमंत्री जी के यशस्वी नेतृत्व में आज भारत दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हुआ है।

भारत जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उसके दृष्टिगत आने वाले 03 से 04 वर्ष महत्वपूर्ण होंगे। भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने के प्रधानमंत्री जी के संकल्पों के साथ हर भारतवासी को जुड़ना होगा।

आज जनपद बस्ती में विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुण्डेरवा चीनी मिल बेहतर ढंग से संचालित हो रही है। किसान खुशहाल हो, नौजवान को रोजगार प्राप्त हो, महिलाओं की सुरक्षा-व्यवस्था मजबूत हो, खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए इसी प्रकार के आयोजन हो, तो देश को दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनने के प्रधानमंत्री जी के विजन को कोई ताकत रोक नहीं सकती है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि श्री जगत प्रकाश नड्डा जी का जनपद बस्ती से विशेष सम्बन्ध है। श्री नड्डा जब केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री थे, तभी गोरखपुर को एम्स, बस्ती को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली थी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस की बीमारी के समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनायी गयी। प्रधानमंत्री जी के संकल्पों के अनुरूप सरकार ने इंसेफेलाइटिस को पूरी तरह से नियंत्रित करके उसका उन्मूलन किया है।

सांसद श्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि नये भारत का प्रतिबिम्ब बस्ती के नौजवानों में दिख रहा है। सांसद खेल महाकुम्भ के पहले साल एक लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया था और अब तीसरे साल साढे़ तीन लाख खिलाड़ी इसमें प्रतिभाग कर रहे हैं। विगत 09 वर्षां में आयोजित हुए ओलम्पिक खेलों, एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा जीते गये पदकों की संख्या में वृद्धि हुयी है।

निश्चित रूप से इसके पीछे प्रधानमंत्री जी की नीति, नीयत और कार्यक्रम का योगदान है। वर्ष 2014 में खेलों के लिए 1,219 करोड़ रुपये का बजट था, जबकि वर्ष 2023 में 3,397 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था गयी है। टारगेट ओलम्पिक पोडियम स्कीम लायी गयी। खिलाड़ियों के लिए विदेशों में ट्रेनिंग की व्यवस्था की गयी तथा विश्वस्तरीय गुणवत्ता वाले संसाधनों की उपलब्धता करायी गयी।

भारत सरकार द्वारा खिलाडियों के लिए 50 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेन्ड की व्यवस्था की गयी है। विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण देने के लिए 08 हजार कोच की व्यवस्था की गयी, जिसमें 05 हजार पुरूष तथा 03 हजार महिलाएं हैं। 34 कोचिंग सेण्टर बनाये गये।

खेलो इण्डिया कार्यक्रम के अन्तर्गत ढाई हजार खिलाड़ियों के लिए 01 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गयी। 820 खेल सेण्टर बनाये गये, जिसमें से 80 उत्तर प्रदेश में हैं। स्किल इण्डिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति भारत को मजबूती प्रदान कर रही हैं।

श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था 05वें नम्बर पर आ गयी है, जो पहले 11वें नम्बर पर थी। साढे़ तेरह करोड़ परिवार गरीबी रेखा से ऊपर आ गये हैं। नेशनल हाईवे, एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, एम्स आदि का निर्माण कराया गया है। गुणवत्तापूर्ण दवा का एक्सपोर्ट 148 प्रतिशत तथा पेट्रो केमिकल्स का एक्सपोर्ट 106 प्रतिशत बढ़ा है।

रक्षा क्षेत्र में प्रयोग होने वाले सामानों का उत्पादन भारत स्वयं कर रहा है। तीन वर्षां में 05 लाख से अधिक बुलेटप्रूफ जैकेट भारतीय सुरक्षा कर्मियों को उपलब्ध करायी गयी हैं। इनका विदेशों में एक्सपोर्ट किया जा रहा है। भारत में राफेल का बेड़ा आया है। देश में ही पनडुब्बी एवं लड़ाकू जहाज बनाये जा रहे हैं।

प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार में खेल और खिलाड़ियों की सुविधाओं में वृद्धि हुई है। अतिथियों का स्वागत करते हुए स्थानीय सांसद श्री हरीश द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से ग्रामीण पृष्ठभूमि के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का कार्य इस आयोजन के माध्यम से किया जा रहा है। इसमें 27 प्रकार के खेल आयोजित किए जाते हैं। 08 दिन तक ब्लॉक स्तरीय खेल आयोजित होते हैं। इसके अलावा निबन्ध, चित्रकला की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं।
खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि वर्ष 2023 की खेल नीति पूरी तरह खिलाड़ियों के हित में है। एक जनपद एक खेल योजना के अन्तर्गत प्रत्येक खेल के लिए एक प्रशिक्षक तैनात किया जा रहा है। भारत सरकार की तर्ज पर खेल विकास प्राधिकरण का गठन किया जा रहा है, जिसके अन्तर्गत खेल संसाधनों को बढ़ाया जायेगा। एकलव्य क्रीड़ा कोष की स्थापना की गयी है।
विधान परिषद सदस्य श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से खेल भावना और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए सभी लोक सभा क्षेत्रों में सांसद खेल महाकुम्भ आयोजित किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के संकल्प व मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से हमारे खिलाड़ी दुनिया में देश व प्रदेश का मान-सम्मान बढ़ा रहे हैं।

इस अवसर पर परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी व खिलाड़ी उपस्थित थे।