दबंगों को अब वर्दी का भी खौफ नहीं :पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com)लखनऊ में गुरुवार देर रात 2 बजे दबंगों ने एक दरोगा की सरेआम पिटाई कर दी। दबंगों में खाकी और कानून का जरा सा भी खौफ नहीं था। आशीष शुक्ला नाम के आरोपी ने दरोगा को धकियाते हुए एक के बाद एक दो थप्पड़ भी जड़ दिए। इतना ही नहीं इसके तीन साथियों ने वर्दी फाड़ी और बिल्ले नोंच लिए। गाली-गलौज करते हुए यह सभी दरोगा से बेल्ट उतारने के लिए भी कह रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए थप्पड़ मारने वाले आशीष शुक्ला समेत चारों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस ने आशीष शुक्ला को लॉकअप में डाल दिया। यहां आते ही वर्दी और पुलिस पर हाथ उठाने को लेकर पुलिस ने जब एक के बाद एक कई सवाल किए तो वह हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता दिखा। आरोपी आशीष ने माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की।

दरोगा को नशे में बता रहे थे

पीलीभीत से लखनऊ ट्रांसफर हुए दरोगा विनोद कुमार अलीगंज की तरफ से निराला नगर जा रहे थे। रास्ते में एक होटल में कार्यक्रम चल रहा था। बाहर गाड़ियां खड़ी थीं, दरोगा की गाड़ी एक कार से टकरा गई। इस पर लोगों ने घेर लिया। इसमें 4 लोग दरोगा से उलझ गए। इसी में से आशीष शुक्ला ने एक के बाद एक दो थप्पड़ जड़ दिए। यह लोग दरोगा को नशे में बता रहे थे, साथ ही गाली गलौज करते हुए आई कार्ड मांग रहे थे। वहीं, दरोगा लगातार बचने की कोशिश करता रहा।

दरोगा को इलाज के लिए अस्पताल भेजा
दरोगा पर हमले के वीडियो किसी ने बना लिया। सामने आने पर दबंगों की कारस्तानी उजागर हुई। हालांकि घटना के तुरंत बाद दरोगा ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची हसनगंज थाने की पुलिस ने दरोगा को इलाज के लिए अस्पताल भेजा था। आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। प्रभारी निरीक्षक हसनगंज अशोक सोनकर के मुताबिक दरोगा पर हमला करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये सभी एक दूसरे के करीबी हैं। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दरोगा की गाड़ी से सामान चोरी करते हुए भी दिखे। कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मुख्य आरोपी आशीष शुक्ला
मुख्य आरोपी आशीष शुक्ला इंदिरा नगर का रहने वाला है, उसने दरोगा को थप्पड़ मारा। प्रांजल माथुर और प्रियांक माथुर दो इसके करीबी हैं, इन्होंने दरोगा की वर्दी फाड़ी। इसमें प्रवेंद्र भी शामिल रहा।