लखीमपुर खीरी की तपिश आगरा मंडल तक पहुंची, कलक्‍ट्रेट के पास पहुंचे किसान

Agra Zone

आगरा (www.arya-tv.com) लखीमपुर खीरी में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए संघर्ष के बाद आगरा में भी पुलिस प्रशासन अलर्ट है। यहां किसान नेताओं पर पुलिस की खुफिया नजर है। साथ ही प्रमुख राजनीतिक दलों की गतिविधियों पर भी पुलिस नजर रखे है। कुछ किसान नेताओं ने कलक्ट्रेट के घेराव का एलान किया है, कुछ किसान नेता सोमवार सुबह कलक्‍ट्रेट पहुंच भी गए हैं।

इसको देखते हुए भी पुलिस प्रशासन ने रणनीति बनाई है। दूसरी तरफ सपा मुखिया अखिलेश यादव को नजरबंद किए जाने पर फिरोजाबाद में समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने सोमवार सुबह धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मैनपुरी में भी किसानों के प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए फोर्स चौकन्‍ना है।

लखीमपुर में रविवार को प्रदर्शन के दौरान हुए संघर्ष में कई लोगों की जान चली गई। वहां पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी डेरा जमाए हैं। किसान आंदोलन के बहाने कुछ खुराफाती अन्य जिलों में भी हिंसा न करा दें, इसको देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। आगरा में भी किसान आंदोलन को लेकर विशेष सतर्कता है। किसान नेताओं के साथ-साथ कुछ ऐसे लोगों पर भी नजर रखी जा रही है जो हर आंदोलन में आगे बढ़कर खड़े दिखते हैं।

इसके साथ ही कुछ चिह्नित खुराफातियों पर भी पुलिस नजदीक से नजर रखे है। इसके लिए सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है। रविवार रात को ही कुछ किसान नेताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने का एलान किया था। इसको देखते हुए कलक्ट्रेट पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सभी प्रमुख इलाकों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस फोर्स तैनात है। अधिकारी भी भ्रमण कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग इलाकों में भ्रमण कर हालातों का जायजा ले रहे हैं।

कई किसान नेताओं के घर रात में ही पुलिस ने दस्तक दे दी। जिले में धारा 144 लागू है। ऐसे में बिना अनुमति प्रदर्शन करने पर रोक है। ऐसा करने पर पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई भी की जाएगी।