लखनऊ में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग:बम की सूचना के बाद एक-एक लगेज की हुई चेकिंग

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) लखनऊ से बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली से देवघर जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बम की सूचना मिली। इससे हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर फ्लाइट की लखनऊ के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैडिंग कराई गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली से देवगढ़ जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-6191 को बम की धमकी मिलने के बाद लखनऊ डायवर्ट किया गया। सभी आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया और विमान को टेकऑफ के लिए मंजूरी दे दी गई। जांच में सुरक्षा एजेंसियों के नियमों का पालन कर रहे हैं।

पैसेंजर्स को फ्लाइट से उतारा नहीं गया
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि इंडिगो की फ्लाइट दोपहर 12:20 बजे सुरक्षित उतरी। उसे आइसोलेशन के लिए ले जाया गया। वहां दो घंटे से ज्यादा समय तक फ्लाइट की जांच की गई। इस दौरान यात्रियों को बाहर भी नहीं उतारा गया था। लेकिन सभी यात्रियों के लगेज की तलाशी ली गई। हालांकि जांच में कुछ भी नहीं मिलने के बाद दोपहर 2.55 बजे फ्लाइट को आगे की यात्रा के लिए भेज दिया गया।

2.35 घंटे तक चली चेकिंग, परेशान रहे यात्री
फ्लाइट करीब 2 घंटे 35 मिनट तक लखनऊ में रही। इस दौरान यात्रियों से लेकर एयरपोर्ट प्रशासन के अधिकारी परेशान रहे। बम स्क्वॉड ने फ्लाइट के एक-एक हिस्से को चेक किया। इसके अलावा यात्रियों के लगेज को भी चेक किया गया। हालांकि लैंडिंग से पहले यात्रियों का लगेज पहले ही चेक होता है लेकिन उसके बाद भी एहतियात के तौर पर सब कुछ चेक किया गया।

10 जनवरी को गुजरात में हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग
इससे पहले गुजरात के जामनगर एयरपोर्ट पर गोवा जा रही फ्लाइट की 10 जनवरी को इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। बम होने की खबर के बाद ये इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। यह फ्लाइट मॉस्को से गोवा जा रही थी। फ्लाइट में कुल 236 यात्री थे, जिन्हें बाहर निकाल लिया गया था और सभी सुरक्षित थे।