सपा में आखिरी कील ठोकने आए हैं स्वामी प्रसाद मौर्य:साक्षी महाराज

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने बुधवार को सपा और स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर बड़ा बयान दिया। आगरा में साक्षी महाराज ने कहा, ”स्वामी प्रसाद मौर्य सपा में अंतिम कील ठोकने आए हैं। रामचरितमानस जलाने के बाद सपा को पानी देने वाला नहीं बचेगा।” साथ ही साक्षी महाराज ने यह भी कहा कि वह अखिलेश यादव से प्यार करते हैं। वह आगरा के एत्मादपुर में शादी समारोह में शामिल होने आए थे।

साक्षी महाराज ने रामचरित मानस को लेकर की जा रही टिप्पणी पर स्वामी प्रसाद मौर्य और सपा को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा, ”स्वामी प्रसाद मौर्य होली पर रामचरितमानस की होली जलाने की बात कह रहे हैं। लेकिन वह पहले इसका परिणाम सोच लें। मुलायम सिंह राम भक्तों का अपमान कर देख चुके हैं।”

दरअसल, सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने पिछले दिनों रामचरितमानस पर टिप्पणी की थी। इसको लेकर काफी बवाल मचा है। हिंदूवादियों ने भी स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान का विरोध किया है।

विपक्ष की स्थिति खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाली
साक्षी महाराज ने कहा कि इस समय विपक्ष की स्थिति खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे वाली है। रामचरितमानस विवाद पर उन्होंने कहा कि यह ग्रन्थ साक्षात भागवान राम का स्वरूप है। सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य रामचरितमानस की होली जलाने की बात कह रहे हैं। मुलायम सिंह यादव रामभक्तों का अपमान करके देख चुके हैं।

सपा में अंतिम कील ठोकने आए हैं स्वामी प्रसाद मौर्य
उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी रामचरित मानस की होली जलाना चाहती है, तो परिणाम पहले सोच ले। जब राम का अपमान करके रावण जैसा बलशाली और बुद्धिमान का नाम लेना वाला नहीं बचा। तो मुझे लगता है कि स्वामी प्रसाद मौर्य सपा में अंतिम कील ठोकने आए हैं।

साक्षी महाराज बोले- अखिलेश से प्यार करता हूं
साक्षी महाराज ने अखिलेश यादव के लिए कहा, ”मैं उनको बहुत प्यार करता हूं। पढ़ा-लिखा बालक है। अपनी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष है। मगर, कुछ स्वामी प्रसाद मौर्य और आजम खान उनकी मेहनत पर पानी फेर देते हैं। अखिलेश यादव को निर्णय करना है कि राम का विरोध करने के बाद सपा को कितना नुकसान हुआ।”

उन्होंने कहा, ”अगर अब रामचरितमानस में आग लगाई जाएगी, तो इसका देश और प्रदेश में क्या परिणाम क्या होगा। ये तो अखिलेश को तय करना है कि ऐसे लोग पार्टी में रहेंगे या नहीं। मैं अखिलेश को सलाह देने वाला कोई नहीं हूं। हालांकि अखिलेश के पिता उनसे कहकर गए थे कि साक्षी महाराज की सलाह की कभी अनदेखी मत करना।”