- मुख्यमंत्री ने 21 नवचयनित स्टाफ नर्सों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया
(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विगत 05 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की प्रेरणा से प्रदेश की शासकीय सेवाओं में विभिन्न पदों पर पारदर्शी एवं निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के माध्यम से 05 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति प्रदान की गई है। इसके माध्यम से प्रदेश के युवाओं को सम्मान प्राप्त हुआ है। युवाओं की ऊर्जा व प्रतिभा का लाभ प्रदेश को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा सभी 75 जनपदों के लिए चयनित 1354 स्टाफ नर्सों के नियुक्ति पत्र वितरण के कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने 21 नवचयनित स्टाफ नर्सों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। मुख्यमंत्री जी ने 1354 स्टाफ नर्सों में से 90 फीसदी बालिकाओं और महिलाओं के चयन के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने कैरियर को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम से सभी जनपद वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश एक बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था। आज यहीं उत्तर प्रदेश देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपने आपको स्थापित करने की ओर तेजी से अग्रसर हुआ है। यह सामूहिकता तथा टीम भावना का परिणाम है। है। जब 25 करोड़ की आबादी वाला उत्तर प्रदेश बोलता है, एक साथ चलता है, एक निर्णय लेता है, तो उसके परिणाम भी इसी रूप में देखने को मिलते हैं।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि चिकित्सा जगत में स्टाफ नर्स के बगैर कुछ भी सम्भव नहीं है। इस नोबेल पेशे के प्रति पूरी दुनिया में सम्मान है। मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में यह भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष तरीके से की गई है। हमारी जिम्मेदारी है कि स्वास्थ्य व्यवस्था को और अच्छा करें। कुछ दिनों पूर्व मुख्यमंत्री जी द्वारा मिशन निरामया को लॉन्च कर पैरा मेडिकल व नर्सिंग स्टाफ की अच्छी शिक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने का कार्य किया गया है।
इस अवसर पर चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, प्रमुख सचिव चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण पार्थ सारथी सेनशर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।