दुल्हन ने फेरे लेने से पहले किया इनकार, दुल्हन ने कही ये बात

Agra Zone

आगरा(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के एक गांव में रविवार रात को कानपुर नगर से बारात पहुंची, जिसमें दूल्हा बदल गया। यह आरोप लगाते हुए दूल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए, लेकिन दुल्हन शादी न करने पर अड़ी रही। इससे बारात बैरंग लौट गई। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

मामला बाह क्षेत्र के विष्णुपुरा गांव का है। गांव निवासी एक युवती की शादी कानपुर नगर जिले के युवक से तय हुई थी। गांव विष्णुपुरा में रविवार रात को कानपुर से बारात पहुंची थी। द्वारचार और बारातियों का खाना-पानी होने के बाद जब दूल्हा फेरों की रस्म के लिए पहुंचा तो दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन ने कहा कि यह वह दूल्हा नहीं है, जिसको तस्वीर में देखा था।

दुल्हन की बात सुनकर बाराती-घराती हैरान रह गए। परिजनों काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। दूल्हे और बाराती बाह थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग करने लगे। थाने में काफी देर तक पंचायत हुई, लेकिन दुल्हन अपने आरोप पर अड़ी रही। आखिरकार दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके बाद दूल्हा बारात लेकर वापस चला गया।