एक दिन राहत के बाद ठंड ने दिखाए तेवर:4.8 डिग्री दर्ज किया गया तापमान

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) कानपुर में एक दिन पहले मिली कुछ राहत के बाद ठंड के तेवर फिर से तल्ख हो गए हैं। बुधवार को 10 दिन बाद दोपहर में निकली धूप ने ठंड से थोड़ी राहत दी, लेकिन सुबह और रात के तापमान ने लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास करा दिया। 4.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

ठंड से राहत की उम्मीद बेहद कम
इस बीच अधिकतम तापमान एक झटके में छह डिग्री लुढ़ककर 13.4 पर आ गया। न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री गिरकर 4.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस बार पड़ रही कड़ाके की सर्दी ने हिलाकर रख दिया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

14 के बाद निकलेगी धूप
सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन पांडेय के मुताबिक 14 जनवरी तक धूप निकलने की संभावना नहीं है। इसके बाद धूप निकलेगी, लेकिन बर्फीली हवाओं का सितम भी बढ़ जाएगा। इसके चलते लोगों को ठंड से जल्द राहत नहीं मिलेगी।

11 दिन में साढ़े पांच घंटे निकला सूरज
पहली से 10 जनवरी तक कोहरे की वजह से सूरज ठीक से निकल नहीं पाया। कल का दिन छोड़ दें तो बाकी दिन लोग धूप के लिए तरसते रहे। मौसम विभाग के अनुसार इन 11 दिनों में पांच घंटे ही ठीक से सूरज के दर्शन हुए हैं।

छाएगा घना कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक हाई क्लाउड अभी बने रहेंगे। सुबह और रात में घना कोहरा बना रहेगा। गुरुवार की सुबह भी घने कोहरे के साथ हुई। कोहरे की वजह से सुबह निकलने वाले मॉर्निंग वाकर्स न के बराबर ही निकल रहे हैं। वहीं कोहरे की वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।