बिगड़ी आजम खान की तबीयत:सपा सांसद को सांस लेने में हो रही दिक्कत

Health /Sanitation Lucknow

(www.arya-tv.com)समाजवादी पार्टी (सपा) नेता आजम खान की एक बार फिर से तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें सीतापुर जेल से सीधे करीब 3:30 बजे लखनऊ के मेदांता में एडमिट कराया गया है। मेदांता डायरेक्टर राकेश कपूर ने बताया कि आजम खान को कमजोरी और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत है। उन्हें इमरजेंसी में क्रिटिकल केयर टीम और अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखकर उनकी जांच की जा रही है। फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर एवं नियंत्रण में है।

बता दें, आजम 13 जुलाई को कोविड से ठीक होकर सीतापुर जेल वापस लौटे थे। मगर उन्हें सांस लेने फिर से दिक्कत होने लगी। ऑक्सीजन लेवल 88 पहुंचने पर तुरंत डॉक्टरों को बताया गया। चेकअप के लिए डॉक्टरों की एक टीम जेल में पहुंची और उन्हें मेदांता ले जाया गया।

30 अप्रैल को आई थी रिपोर्ट पॉजिटिव
30 अप्रैल 2021 को आजम खान की एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद RTPCR जांच कराई गई थी। इसके बाद उनको 9 मई को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। बीच में कई बार उनकी हालत गंभीर हुई थी।

फरवरी 2020 से सीतापुर जेल में बंद हैं आजम खान
आजम खान फरवरी 2020 से ही सीतापुर जेल में बंद हैं। उन पर रामपुर में अवैध जमीन कब्जाने और फर्जी प्रमाण-पत्र बनाने जैसे कई आरोप हैं। इससे पहले उनकी पत्नी डॉ. तंजीम फातिमा भी जेल में बंद थीं, लेकिन उन्हें जमानत मिल चुकी है और वो जेल से बाहर हैं।

आजम खान के बेटे अब्दुल्ला पर भी फर्जी प्रमाणपत्र से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। वे भी पिता संग जेल में ही हैं। एक तरफ आजम पर 80 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल, दोनों अभी अपनी जमानत का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन किसी भी तरह की राहत मिलती नहीं दिख रही है।