देवी-देवताओं के स्वरूप में नृत्य और आपत्तिजनक झांकियों पर लगे रोक, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

# ## UP

धार्मिक आयोजनों में देवी-देवताओं के स्वरूप धारण कर किए जाने वाले नृत्य और आपत्तिजनक झांकियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर बुधवार को एक सामाजिक संस्था ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम सिटी मजिस्ट्रेट प्रीति जैन को ज्ञापन सौंपा। संस्था अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ‘विनम्र’ के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने धार्मिक प्रतीकों की गरिमा और आस्था की मर्यादा बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था की मांग की।

कटका क्लब संस्था के अध्यक्ष डॉ. सौरभ मिश्र ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में देवी-देवताओं के स्वरूप में किए जाने वाले कुछ नृत्य और प्रदर्शनों से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। इसलिए आयोजकों को धार्मिक स्वरूप और प्रतीकों की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने ऐसे आयोजनों के लिए स्पष्ट नियम बनाए जाने की आवश्यकता जताई।

नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की मांग

ज्ञापन में देवी-देवताओं के भेष में सार्वजनिक नृत्य और आपत्तिजनक प्रदर्शन पर रोक लगाने, नियम तोड़ने वाले आयोजकों व संबंधित लोगों पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को ऐसे आयोजनों की निगरानी तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल में कथा वाचक शनि मिश्र, प्रांजल मिश्र, बृजेंद्र मिश्र, मोनू यादव, धीरेन्द्र कुमार, महेंद्र सिंह, शिव कुमार और शिवाकांत यादव शामिल रहे।