शेयर बाजार: सेंसेक्स 250 अंकों से ज्यादा गिरा, 30 शेयरों में से 6 में बढ़त

Business

(www.arya-tv.com) भारतीय शेयर बाजार में आज यानी बुधवार (3 मई) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 250 अंकों से ज्यादा की गिरावट है। इसके 30 शेयरों में से 24 में कमजोरी और सिर्फ 6 में बढ़त देखने को मिल रही है। इससे पहले सेंसेक्स 80 अंकों की गिरावट के साथ 61,274 के स्तर पर खुला था। निफ्टी में भी 34 अंकों की गिरावट रही, यह 18,113 के स्तर पर ओपन हुआ।

अमेरिका के गहराते बैंकिंग संकट से बाजारों के सेंटिमेंट खराब हुए हैं। अमेरिकी बाजार कल 1% से ज्यादा लुढ़के थे। वहीं एशियाई बाजारों में भी कमजोरी नजर आ रही है। अब बाजारों की नजर आज दरों को लेकर फेड के फैसले पर होगी।

इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। अमेरिका के कर्ज डिफॉल्ट की चिंताओं से क्रूड 5% फिसला है और क्रूड का भाव 75 डॉलर के करीब फिसला है। WTI ने भी $71.44 का निचला स्तर छूआ है। आज भी ब्रेंट में $76 के नीचे कारोबार कर रहा है।अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका ने कच्चे तेल में दबाव बनाया है।

अडाणी टोटल गैस ने मंगलवार को मार्च 2023 को समाप्त तिमाही के नतीजे घोषित किए। इस तिमाही में कंपनी का मुनाफा 21% बढ़कर 97.91 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। एक साल पहले की समान तिमाही में मुनाफा 81.09 करोड़ रुपए था।

कंपनी का रेवेन्यू 10.2% बढ़कर 1,114.8 करोड़ रुपए हो गया, जबकि एक साल पहले यह 1,012 करोड़ रुपए था। बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 0.25 रुपए प्रति शेयर के डिविडेंड की भी सिफारिश की है।

इससे पहले कल यानी 2 मई शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 242 अंकों की बढ़त के साथ 61,354 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 82 अंकों की बढ़त रही, यह 18,147 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 में तेजी और सिर्फ 14 में गिरावट देखने को मिली।