एसटीएफ ने फर्जी दारोगा को किया गिरफ्तार, लड़कियों को फंसाता था अपने प्रेमजाल में

Meerut Zone

(www.arya-tv.com) फर्जी दारोगा बनकर लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाने और ठगी करने वाले अमित शर्मा को एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अमित शर्मा बागपत के बड़ौत स्थित सादिकपुर सिनौली का रहने वाला है। वह कभी यूपी पुलिस तो कभी एसटीएफ का फर्जी दारोगा और सीबीआइ का अफसर बन जाता था।

पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी ब्रिजेश सिंह ने बताया कि अमित शर्मा पिछले सात साल से फर्जी दारोगा बनकर ठगी कर रहा है। बागपत और मुजफ्फरनगर की कई लड़कियों को भी प्रेमजाल में फंसा चुका है। नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करता है। कई पुलिसकर्मियों को भी अमित चूना लगा चुका है। हाल में भी इसके खिलाफ सूचनाएं मिल रही थीं। मुखबिर की सूचना पर भावनपुर थाना क्षेत्र के बीएनजी चौराहे से अमित को बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।

अमित शर्मा ने पुलिस विभाग में दारोगा और सिपाही भर्ती में कई बार हिस्सा लिया। असफल हो जाने के बाद उसने मुरादाबाद से खाकी वर्दी, दारोगा के स्टार और कैप ली। कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर चुका है। लड़कियों के मोबाइल नंबर लेकर उन्हें काल कर प्रेमजाल में फंसाता है। कई लड़कियों से शादी का झांसा देकर भी ठगी कर चुका है। 2019 में भी उसे सहारनपुर में वर्दी पहने हुए गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ बागपत, शामली, सहारनपुर और मेरठ में दस मुकदमे दर्ज हैं।

भावनपुर थाना पुलिस ने एसटीएफ के साथ मिलकर फर्जी दारोगा को गिरफ्तार कर लिया। वह यूपी पुलिस के साथ एसटीएफ और सीबीआइ का अफसर भी बन जाता था।