बांकेबिहारी की नगरी से शिवपाल का चुनावी शंखनाद, 101 ब्राह्मणों से मिला आशीर्वाद

Agra Zone

आगरा (www.arya-tv.com) उत्‍तर प्रदेश में भाजपा की मौजूदा सरकार के खिलाफ प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने चुनावी शंखनाद कान्हा की नगरी से किया। मंगलवार को प्रसपा प्रमुख ने ठाकुर बांकेबिहारी भगवान का आशीर्वाद लिया और सामाजिक परिवर्तन रथ से प्रदेश की जनता को जागरूक करने निकलेंगे।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश की मौजूदा सरकार के खिलाफ अभियान छेड़ने के लिये कान्हा की नगरी को चुना है। मंगलवार को ठाकुर बांकेबिहारी मन्दिर में पूजा अर्चना के उपरांत श्री यादव सामाजिक परिवर्तन रथ पर सवार होने के लिए निकले।

श्री बांकेबिहारी मंदिर के द्वार पर एक सौ एक ब्राह्मणों ने शंखनाद कर शिवपाल यादव को आशीर्वाद दिया। इसके बाद मथुरा मार्ग स्थित सौ शैया अस्पताल के समीप कार्यकर्ताओ को सम्बोधित करने के लिए शिवपाल निकल गए। यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद रथ में सवार होकर मथुरा होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग से आगरा के लिये रवाना होंगे। रथयात्रा शुभारंभ से पहले शिवपाल ने सपा के साथ गठबंधन पर कहा, राजनीति में सम्भावनाएं हमेशा बनी रहती हैं। गठबंधन की कोई अंतिम तिथि नही होती। कहा प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए सामाजिक परिवर्तन यात्रा शुरू कर रहे हैं। जो पूरे प्रदेश में घूमेगी। कहा, अब समय आ गया है कि इस सरकार को उखाड़ फेंका जाये। कहा कि राजनीति अपार सम्भावनाओं का क्षेत्र है।

आज शाम चार बजे यात्रा आएगी आगरा

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) की सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा मंगलवार को तीसरे पहर चार बजे आगरा आएगी। रथयात्रा लेकर आ रहे पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का सिकंदरा पर स्वागत होगा। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष गुरुद्वारा गुरु का ताल पर मत्था टेकने जाएंगे। यहां से रथयात्रा रामबाग, कुबेरपुर, इनर रिंग रोड होते हुए फतेहाबाद रोड स्थित ट्राइडेंट तिराहा पर पहुचेगी और पहले दिन की यात्रा का समापन होगा। बुधवार को माल रोड स्थित होटल अमर तिराहा से रथयात्रा का शुभारंभ होगा। प्रतापपुरा चौराहा, कलक्ट्रेट, सुभाष पार्क, राजामंडी, हरीपर्वत, भगवान टाकीज चोराहा, सुल्तानगंज की पुलिया, बल्केश्वर आदि क्षेत्रों में भ्रमण के बाद वाटर वक्र्स चौराहा पर समापन होगा। आगरा से रथयात्रा टूंडला के लिए रवाना होगी।