आगरा में किसान की हत्या केस को सुलझाने को इन सवालों के जवाब ढूंढ़ रही पुलिस

Agra Zone

आगरा (www.arya-tv.com) शमसाबाद में किसान की हत्या के मामले में अभी तक गुत्थी उलझी हुई है। स्वजन किसी भी तरह की रंजिश से इन्कार कर रहे हैं। अब गुत्थी सुलझाने को पुलिस घटनास्थल के निरीक्षण में सामने आए सवालों के जवाब तलाश रही है।

शमसाबाद के नगला जामुनी निवासी 55 वर्षीय किसान लाखन सिंह रविवार रात 11 बजे खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर खुले स्थान में चारपाई डालकर सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य घर में अंदर थे। रात में ही किसी ने लाखन सिंह की हत्या कर दी। सुबह छह बजे परिवार के सदस्य जागे, तब इसकी जानकारी हुई। लाखन सिंह का शव चारपाई पर पड़ा मिला। उनके सिर से खून निकल रहा था। गले पर काला निशान था।

सुबह सात बजे पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी पूर्वी के. वैंकट अशोक और एएसपी सत्यनारायण भी मौके पर पहुंचे। डाग स्क्वाड और फील्ड यूनिट को बुलाया गया है। स्वजन किसी भी तरह की रंजिश होने से इन्कार कर रहे हैं। हत्या की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। लाखन सिंह के भाई विजय ने शमसाबाद थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी पूर्वी के. वैंकट अशोक का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है। स्वजन और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

– डाग स्क्वाड शव मिलने के स्थान से सीधा लाखन के घर के एक कमरे में गया। आखिर वहां कौन था?

– लाखन सिंह के कपड़े और जूते कमरे में रखे मिले हैं। जबकि शव खुले में मिला।

– चारपाई पर खून के मामूली धब्बे थे, जबकि लाखन के सिर पर धारदार हथियार से प्रहार किया गया।

– मौके पर खून के धब्बे लगे दो अंगोछे मिले हैं। इनमें से एक अंगोछा किसका है?

– लाखन की किसी से रंजिश नहीं थी। लूटपाट हुई नहीं। आखिर उनकी हत्या क्यों की गई?

– लाखन सिंह के दो बेटे परिवार समेत घर में सो रहे थे।उन्होंने रात में किसी भी तरह की आवाज नहीं सुनी।