हफ्ते के पहले दिन सेंसेक्स 60 हजार के पार, HDFC  लाइफ का शेयर 6.40% चढ़ा

Business

(www.arya-tv.com) आज यानी हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार (24 अप्रैल) को बाजार में बढ़त देखने को मिली है। सेंसेक्स 401 अंक चढ़कर 60,056 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 119 अंकों की बढ़त रही। ये 17,743 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 23 शेयरों में तेजी और 7 शेयरों में गिरावट रही। आज HDFC लाइफ का शेयर 6.40% चढ़ा है।

आज निफ्टी बैंक 1.23% चढ़ा। प्राइवेट बैंक में 1.1% की तेजी रही। वहीं PSU बैंक 2.61% चढ़ा। रियल्टी में भी 1.06% की तेजी रही। फार्मा 0.73% टूटा और मीडिया में 1.31% की गिरावट रही।

आज अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 6 में गिरावट देखने को मिली है। अडाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर में 3.24% की गिरावट रही। इसके अलावा अडाणी एंटरप्राइजेज, ट्रांसमिशन, विल्मर, टोटल गैस और NDTV के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए ।

विप्रो जल्द ही शेयर बायबैक का ऐलान कर सकती है। कंपनी ने आज 23 अप्रैल को कहा कि अगले सप्ताह बोर्ड की बैठक में शेयर बायबैक के प्रस्ताव पर फैसला लिया जाएगा। विप्रो ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा,”कंपनी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स कंपनी के इक्विटी शेयरों को वापस खरीदने के प्रस्ताव पर विचार करेगा। यह बैठक 26-27 अप्रैल 2023 को होगी।” जो भी निर्णय लिए जाएंगे, उसकी सूचना 27 अप्रैल को बैठक खत्म होने के तुरंत बाद दी जाएगी। कंपनी उसी दिन मार्च तिमाही के अपने नतीजों की घोषणा भी करने वाली है।

कल प्राइवेट सेक्टर के ICICI बैंक ने चौथी तिमाही के लिए रिजल्ट घोषित किया। सालाना आधार पर प्रॉफिट में 30% का उछाल दर्ज किया गया और यह 9121.8 करोड़ रुपए रहा। नेट इंटरेस्ट इनकम में 40.2% की तेजी रही और यह 17666.8 करोड़ रुपए रही।

आज इंडसइंड बैंक के नतीजे आने हैं। जबकि 25 अप्रैल को बजाज ऑटो, 26 अप्रैल को मारुति सुजुकी, 27 अप्रैल को एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा और विप्रो के नतीजे जारी होने वाले हैं। जबकि, 29 अप्रैल को कोटक महिंद्रा बैंक के नतीजे जारी होने वाले हैं।

इससे पहले शुक्रवार (21 अप्रैल) को बाजार फ्लैट बंद हुआ था। सेंसेक्स 22 अंक बढ़कर 59,655 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी बिल्कुल फ्लैट 17,624 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 में से 14 शेयरों में तेजी और 16 शेयरों में गिरावट देखने को मिली थी।