8 साल बाद किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे मोहन भागवत

# ## National

(www.arya-tv.com) बीजेपी के सबसे मजबूत गढ़ गुजरात में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत सार्वजनिक कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। यूनिवर्सिटी मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम को ‘समाजशक्ति संगम’ नाम दिया गया है। भागवत दोपहर करीब 3 बजे अहमदाबाद पहुंचेंगे और साढ़े चार बजे कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने 2015 में सार्वजनिक तौर एक कार्यक्रम को संबोधित किया था।

बडे़ स्तर पर संघ के स्वयंसेवक मौजूद रहेंगे
जीएमडीसी यूनिवर्सिटी के मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम को ‘समाजशक्ति संगम’ नाम दिया गया है। कार्यक्रम में बडे़ स्तर पर संघ के स्वयंसेवक मौजूद रहेंगे। भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्मदिन पर आयोजित इस कार्यक्रम में संघ प्रमुख कई सामाजिक संदेश दे सकते हैं। इस कार्यक्रम को संघ के शक्ति प्रदर्शन के तौर भी देखा जा रहा है।

10 हजार से अधिक कार्यकर्ता रहेंगे मौजूद
संघ के अनुसार स्वाभिमानी, स्वावलंबी और समर्थ भारत सभी का सपना है। इस सपने को साकार करने के लिए अनुशासन युक्त संगठित समाज का निर्माण आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए समाजशक्ति संगम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें संघ से जुड़े कई दिग्गज नेता भी उपस्थिति रहेंगे और अपना संबोधन देंगे। इस कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक संघ के कार्यकर्ता भी उपस्थिति रहेंगे। कार्यक्रम के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर रखी है।

दो दिन के दौरे पर हैं भागवत
संघ प्रमुख मोहन भागवत आज से दो दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। वे कल यानी कि 15 अप्रैल को भी कुछ कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इसमें पुस्तक विमोचन का कार्यक्रम शामिल है। आरएसएस प्रमुख के दौरे को कई तरीके से अहम माना जा रहा है। भागवत दो हफ्ते पहले भी अहमदाबाद पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने शिवानंद आश्रम में एक कार्यक्रम में शिरकत की थी। हालांकि, वह कार्यक्रम सार्वजनिक नहीं था। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे थे।