किसान महापंचायत में आज सहारनपुर में ताकत दिखाएगी रालोद, जानें है पूरा मामला

Meerut Zone

मेरठ(www.arya-tv.com) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रालोद की किसान पंचायत आज नकुड़ में अघ्याना मार्ग पर होगी, जिसमें रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी कृषि कानूनों पर केंद्र सरकार की मुखालफत करते हुए किसानों को लामबंद करने का प्रयास करेंगे।

किसान पंचायत के लिए मंच बनाने सहित तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सहित अन्य नेताओं ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं। इससे पूर्व आसपास के गांवों में जनसंपर्क करके लोगों से पंचायत में पहुंचने का आह्वान भी किया गया।

सहारनपुर में आज आयोजित की जा रही रालोद की किसान पंचायत में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी शामिल होंगे। 12 बजे तक जयंत चौधरी नकुड़ पहुंच जाएंगे। किसान पंचायत में जयंत चौधरी क्या कुछ कहेंगे राजनैतिक दलों की नजरें इसी पर टिकी हुई हैं। वहीं जिले की राजनीति में रालोद की यह किसान पंचायत क्या समीकरण बदलेगी इसे लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

मंगलवार को रालोद के अध्यक्ष चौधरी यशवीर सिंह और पूर्व मंत्री चौधरी योगराज सिंह ने बताया कि किसान पंचायत में करीब 12 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी दोपहर करीब 12 बजे यहां पहुंच जाएंगे।

उधर, बुधवार को किसान पंचायत के संबंध में ही क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी यशवीर सिंह और अन्य नेताओं ने ग्राम पीनपुर, डीकरोल, लंढोरा, गंगोह आदि गांवों में जनसंपर्क किया।