मेरठ में ब्लॉक प्रमुख आरक्षण के कारण कई लोगों को दिया झटका

Meerut Zone UP

मेरठ(www.arya-tv.com) जिला पंचायत की तरह ब्लॉक प्रमुख आरक्षण ने भी कई दावेदारों को तगड़ा झटका दिया है। लेकिन अहम बात यह है कि यदि जातीय समीकरण को देखें तो कई ब्लॉकों में राहत भी मिली है। लेकिन इसमें कई धुरंधर चारों खाने चित हो गए हैं।

रोहटा : यहां लंबे समय से बिजेंद्र जिंजोखर की पंचायत में राजनीति चली आ रही है। ब्लॉक प्रमुख पद पर भी इस परिवार का कब्जा एकतरफा रहा है। साल 2010 में बिजेंद्र प्रमुख खुद ब्लॉक प्रमुख बने तो साल 2015 में महिला पद आरक्षित होने पर अपने परिवार की महिला को प्रमुख निर्वाचित कराया। इस बार यहां प्रमुख का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गया है।

दौराला : दौराला ब्लॉक में भी रालोद नेता राहुल देव का परिवार हावी रहा है। पिछली बार राहुल के भाई सचिन अहलावत ने भाजपा नेता और प्रदेश श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील भराला के भाई अजय भराला को झटका दिया था। इस बार इस ब्लॉक में भी प्रमुख पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गया है।

रजपुरा : यहां सामान्य जाति की जनसंख्या ज्यादा है। लेकिन यहां का पद पिछड़े वर्ग की महिला के लिए आरक्षित होने से मुख्य दावेदारों को हताशा मिली है।

खरखौदा : पिछली बार महिला के लिए पद आरक्षित था। इस बार अनारक्षित होने से यहां पर गुर्जर और त्यागी बिरादरी के बीच रोचक मुकाबला नजर आ सकता है।