RJD ने लगाया प्रशिक्षण शिविर, वैचारिक दृष्टि से पार्टी को मजबूत बनाने पर जोर

# ## National

(www.arya-tv.com) राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत आज मंगलवार से हो रही है। इसमें दक्षिण बिहार के प्रखंड अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और जिला महासचिव भाग ले रहे हैं। इसकी तैयारी पिछले दो सप्ताह से चल रही थी। पोलो रोड, 1 नंबर यानी तेजस्वी यादव के सरकारी आवास में इसका आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए पटना में तीन सौ लोगों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। इसमें वही प्रवेश पा सकेंगे जिनका रजिस्ट्रेशन होगा। इसके लिए फोटो वाले पास जारी किए जा रहे हैं। इसमें शामिल होने के लिए तेजस्वी यादव पटना सोमवार को पटना पहुंच चुके हैं।

आयोजन को सफल बनाने के लिए कई तरह की समितियां बनी
RJD पहली बार इतने व्यवस्थित तरीके से प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर रहा है। कार्यक्रम की शुरूआत पार्टी का झंडा फहराने से होगी। प्रशिक्षण शिविर आयोजन को लेकर कई तरह की समितियां बनाई हैं, ताकि कहीं भी किसी चीज की चूक नहीं हो। झंडोत्तोलन समिति की बागडोर युवा राजद के प्रदेश अध्यक्ष कारी सोहैब और छात्र राजद के प्रदेश अध्यक्ष गगन यादव को दी गई है। निबंधन समिति में मदन शर्मा, निर्भय अंबेडकर, संजय यादव और शिवेन्द्र तांती हैं। आवास समिति की बागडोर शक्ति सिंह यादव के पास है, इनके साथ प्रमोद सिन्हा, अनिल साधु, रणविजय साहु भी हैं।

मंच व्यवस्था समिति में चित्तरंजन गगन, पिंटू चौधरी, रेयाल अहदम आदि हैं। भोजन समिति पर दो दिनों के नाश्ता-खाना आदि की बेहतर व्यवस्था की जवाबदेही है। इसकी बागडोर भोला यादव के पास है, उनके साथ गुलाम रब्बानी, निराला यादव, प्रेम गुप्ता भी हैं। पोलो रोड समिति भी बनाई गई है, जिसमें बल्ली यादव, सतीश चंद्रवंशी, महताब आलम और केडी यादव हैं। प्रेस समिति की कमान मृत्युंजय तिवारी के जिम्मे है, उनके साथ एजाज अहमद, सारिका पासवान, प्रशांत मंडल भी हैं।

भोजन की बेहतर व्यवस्था पर फोकस
प्रशिक्षण शिविर में खाने का बेहतर इंतजाम किया जा रहा है। जानकारी है कि मंगलवार की सुबह नाश्ते में कचौड़ी, मिक्स्ड वेजिटेबल, सफेद और पीला रसगुल्ला आदि दिया जाएगा। दोपहर में चावल, दाल, तीन तरह की सब्जी, चटनी, रायता, बैगन भाजी, पापड़, सलाद का इंतजाम है। रात के खाने का भी बेहतर इंतजाम है। तीन बड़े-बड़े काउंटर लगाए गए हैं, ताकि सभी आराम से भोजन कर सकें।

दो नुक्कड़ नाटक और आल्हा की प्रस्तुति दी जाएगी
रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन राजद सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की ओर से किया जाना है। इसकी जवाबदेही कला संस्कृति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनोद कुमार को दी गई है। इस बात का खास ध्यान रखा गया है कि किसी तरह के फूहड़ कार्यक्रम की प्रस्तुति नहीं हो। सांस्कृतिक आयोजन में सबसे खास होगा लालू प्रसाद पर केन्द्रित आल्हा की प्रस्तुति।

इसे भोजपुर राजद के कला संस्कृति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सीताराम प्रस्तुत करेंगे। दो नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार को केन्द्र में रखते हुए होगी। राजद से जुड़े गीत की प्रस्तुति भी दी जाएगी। किसानों से जुड़ा काला कानून, महंगाई आदि पर केन्द्रित पेंटिंग भी लगेंगे।