प्रियंका गांधी वाड्रा की आगरा के इन जगह पर होगी रैली, तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता

Agra Zone

(www.arya-tv.com) ताजनगरी में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की सात अक्टूबर को होने जा रही रैली के लिए पार्टी ने रामलीला मैदान को चुना है। रैली की तैयारियों के साथ ही उसे सफल बनाने के लिए कांग्रेसी जुट गए हैं। प्रियंका, आगरा में पश्चिमी उप्र की प्रतिज्ञा यात्रा को भी झंडी दिखाएंगी। इसके लिए उनकी टीम आगरा में डेरा डाले हुए है।

प्रियंका गांधी वाड्रा की सात अक्टूबर को आगरा में रैली प्रस्तावित है। शनिवार को आगरा आए राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी और ताैफीक आलम ने हरियाली वाटिका में आगरा, फीरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा, इटावा व बरेली के पार्टी पदाधिकारियों, पूर्व सांसद व पूर्व विधायकों के साथ बैठक की थी। बैठक के बाद उन्होंने रैली के लिए कोठी मीना बाजार मैदान, रामलीला मैदान, जीआइसी मैदान और तारघर मैदान को देखा था। पार्टी नेतृत्व ने रामलीला मैदान को प्रियंका की रैली के लिए उपयुक्त पाया है। आगरा शहर में प्रियंका गांधी वाड्रा की यह पहली रैली होगी। उन्हें देखने व सुनने को भीड़ उमड़ सकती है। इससे पहले प्रियंका गांधी वाड्रा वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से पूर्व बाह में हुई रैली में आगरा आई थीं। तब उनके साथ राहुल गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया भी आए थे।

कांग्रेस के शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू ने बताया कि रामलीला मैदान में रैली के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। रैली के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

बूथ प्रबंधन का दिया प्रशिक्षण
शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा सोमवार को वार्ड स्तर के पदाधिकारियों के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आंबेडकर सामुदायिक भवन, छीपीटोला में किया गया। वार्ड पदाधिकारियों को वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बूथ प्रबंधन का प्रशिक्षण उप्र कांग्रेस कमेटी द्वारा भेजे गए प्रशिक्षकों ने दिया। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव श्याम सुंदर उपाध्याय व सचिव विनेश सनवाल ने बूथ को मजबूत बनाने पर जोर दिया। शहर अध्यक्ष देवेंद्र कुमार चिल्लू ने कहा कि वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व व संगठन के बूते पर मजबूती के साथ लड़ा जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के पश्चिमी उप्र व्यापार प्रकोष्ठ के चेयरमैन विनोद बंसल, अशोक शर्मा, राघवेंद्र उपाध्याय, नंदलाल भारती, मुन्नालाल वर्मा, विनोद जरारी, विराग जैन, अनिल शर्मा, अजहर वारसी, अपूर्व शर्मा, आइडी श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।