मुकेश अंबानी की कंपनी ने गुजरात से महाराष्ट्र में ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू की

Environment

(www.arya-tv.com)मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस ने महाराष्ट्र में कोविड-19 से पैदा हो रहे भयावह हालात में मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। राज्य के कई अस्पतालों में ऑक्सीजन की शॉर्टेज है। अब रिलायंस की जामनगर (गुजरात) रिफाइनरी से ऑक्सीजन की सप्लाई शुरू की गई है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी यह ऑक्सीजन सप्लाई मुफ्त कर रही है। महाराष्ट्र इस वक्त संक्रमण के मामले में अव्वल है। मुंबई, पुणे और नागपुर समेत ज्यादातर शहरों में हर दिन मामले बढ़ते जा रहे हैं। मुकेश अंबानी खुद मुंबई में ही रहते हैं

कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एक अफसर ने जामनगर से ऑक्सीजन सप्लाई शुरू किए जाने की बात स्वीकार की। इस अफसर ने कंपनी की पॉलिसी के तहत नाम बताने से इनकार कर दिया। महाराष्ट्र के शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे ने सोशल मीडिया पर रिलायंस से 100 टन ऑक्सीजन मिलने की जानकारी दी है। महाराष्ट्र ही नहीं देश के कई और राज्यों में ऑक्सीजन की डिमांड और सप्लाई में भारी अंतर है। कई जगहों से इस तरह की खबरें आई हैं कि ऑक्सीजन की कमी के चलते कई मरीजों ने दम तोड़ दिया।