29 वर्ष बाद बन रहा दुर्लभ संयोग: 14 जनवरी की रात लगेगी मकर संक्रांति, 15 को खिचड़ी

UP Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) सनातन संस्कृति में दिन और ऋतु के अनुरूप व्रत पर्व मनाने की परंपरा है। इससे मानव जीवन और समाज में ऊर्जा का संचार होता है। व्रत-पर्व समाज को एक सूत्र में बांधने का काम करते हैं। सूर्य के राशि परिवर्तन से उत्पन्न मकर संक्रांति का पर्व इस बार 15 जनवरी को मनाया जाएगा।

12:49 बजे तक रहेगा पुण्य काल

प्रो. विनय कुमार पांडेय के अनुसार इस वर्ष सूर्य मकर राशि में 14 जनवरी (शुक्रवार) को रात्रि 8:49 बजे प्रवेश कर रहे हैं। धर्मसिंधु के अनुसार

यद्यस्तमयवेलायां मकरं याति भास्कर:।

प्रदोष वार्धरात्रे वा स्नानं दानं परेहनि।।

इस वचन के अनुसार सूर्यास्त के बाद यदि सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं तब संक्रांति होने पर पुण्यकाल अगले दिन मान्य होता है। इस कारण 15 जनवरी (शनिवार) को मकर संक्रांति मनाई जाएगी। संक्रांति का पुण्यकाल 15 जनवरी को प्रात: काल से दोपहर 12:49 तक रहेगा।