कड़ी सुरक्षा के बीच राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक आज, कोर कमेटी से अलग बैठेंगे चंपत व अनिल, सर्वप्रथम इस्तीफे पर होगा विचार

# ## UP

मणिरामदास जी की छावनी में दोपहर तीन बजे शुरू होगी, लिए जा सकते हैं कड़े फैसले

राम मंदिर चढ़ावा चोरी व वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक मणिराम दास छावनी में दोपहर तीन बजे कड़ी सुरक्षा के बीच होगी। ट्रस्ट के अधिकांश सदस्य बैठक में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंच गए हैं।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी व वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बीच सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक मणिराम दास छावनी में दोपहर तीन बजे कड़ी सुरक्षा के बीच होगी। ट्रस्ट के अधिकांश सदस्य बैठक में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंच गए हैं। बैठक में सबसे पहले ट्रस्ट महासचिव चंपत राय व सदस्य डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे पर विचार किया जाएगा। बताया जा रहा है कि बैठक में कोर कमेटी से इनको अलग बैठाया जाएगा।

ध्यान रहे कि बैठक का एजेंडा पहले ही जारी किया जा चुका है। इसमें पांच बिंदुओं पर मंथन किया जाएगा। सबसे पहले दोनों पदाधिकारियों के इस्तीफे पर निर्णय लेने के बाद एसआईटी द्वारा अब तक की गई कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। इसके बाद न्यास के दान-पात्रों से प्राप्त राशि के संबंध में एसआईटी अंतरिम प्रतिवेदन की जानकारी, उसके बाद आगामी मंदिर प्रबंधन संबंधित व्यवस्थाओं पर विचार किया जाएगा। इसके उपरांत वित्त वर्ष 2025-26 के अलेखापरीक्षित आय-व्यय पत्रक, तुलनपत्र एवं अन्य वित्तीय विवरण की जानकारी एवं स्वीकृति पर चर्चा होगी। इसके अतिरिक्त कुछ अन्य आवश्यक विषयों पर भी मंथन हो सकता है।

बैठक में यह रहेंगे मौजूद

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में होगी। इसमें कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, सदस्यों में विश्व तीर्थप्रसन्नाचार्य, स्वामी परमानंद गिरी, जगद्गुरु वासुदेवानंद सरस्वती, कृष्ण मोहन, डॉ अनिल मिश्र, महासचिव चंपतराय शामिल होंगे। इसके अलावा पदेन सदस्य जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, राज्य सरकार के पदेन अधिकारी गृह सचिव संजय प्रसाद, केंद्रीय सरकार के पदेन अधिकारी सचिव प्रशांत लोखंडे, निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र भी मौजूद रहेंगे। वहीं वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रस्ट संयोजक के परासन की भी उपस्थिति रहेगी।

बैठक से पहले जेल में हुए पांच आरोपियों के बयान

राम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच कर रहे विवेचक सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी ने रविवार को जिला कारागार में निरुद्ध पांच आरोपियों के बयान लिए। ध्यान रहे कि शनिवार को पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के विशेष न्यायाधीश रजत वर्मा की अदालत से इसके लिए अनुमति मांगी थी। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने पांचों आरोपी रामशंकर यादव टिन्नू, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, करुणेश पांडेय व मनीष यादव के अलग-अलग बयान लिए, जिसे कागजों पर दर्ज कर उनके हस्ताक्षर कराए। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम राज खोले हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस अब इनके रिमांड की मांग कर सकती है।