लखीमपुर पहुंच रहीं प्रियंका गांधी:सपा प्रत्याशी की प्रस्तावक रही महिला से करेंगी मुलाकात

Lucknow

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्म है। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में मोर्चा संभाल लिया है। करीब डेढ़ साल बाद शुक्रवार को लखनऊ पहुंचीं प्रियंका गांधी एक्शन में हैं। यूपी दौरे के दूसरे दिन प्रियंका गांधी आज लखीमपुर खीरी जा रही हैं। वे यहां पसगवां गांव में अनीता सिंह से मुलाकात करेंगी।

अनीता सिंह, सपा प्रत्याशी रितु सिंह की प्रस्तावक थीं। इस प्रकरण में आरोपी दोनों भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार हो चुके हैं। जबकि पसगंवा थाने के सभी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया था। जिसमें क्षेत्र के सीओ, थाने एसएचओ, एक इंस्पेक्टर और तीन पुलिस सब इंस्पेक्टर के समेत पुलिसकर्मी शामिल थे।

प्रियंका गांधी सुबह 7 बजे लखनऊ से लखीमपुर के लिए रवाना हो चुकी हैं। बख्शी के तालाब इलाके में कांग्रेस मीडिया कोऑर्डिनेटर लल्लन कुमार ने उनका स्वागत किया। प्रियंका गांधी के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

लखीमपुर से वापसी के बाद ये तय कार्यक्रम

  • प्रियंका गांधी लखीमपुर से लौटने के बाद लखनऊ में पार्टी मुख्यालय पहुंच जाएंगी, जहां वह रात 7:30 बजे तक रहेंगी।
  • इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली और अमेठी के ब्लॉक अध्यक्षों से मुलाकात से शुरू करेंगी।
  • रुकी हुई भर्तियों/प्रतियोगी छात्रों/ बेरोजगारों मंच के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगी।
  • बाद में पार्टी के पूर्व सांसद,पूर्व विधायक, पूर्व जिला एवं शहर अध्यक्षों के साथ पूर्व फ्रंटल और विभागों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी।

    लखनऊ पहुंचने के बाद रखा था मौन व्रत

    • प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को लखनऊ के दौरे के पहले दिन हजरतगंज स्थित GPO के पास गांधी प्रतिमा पर मौन धरना दिया था। यूपी पुलिस ने जब उनसे कोविड प्रोटोकाॅल को लेकर सवाल किए तो उन्होंने पर्ची पर लिखकर ही जवाब दिया कि पंचायत चुनाव के दौरान भी तो कोविड था।
    • करीब डेढ़ घंटे बाद उन्होंने जब अपनी चुप्पी तोड़ी तो केंद्र और प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा, यूपी में लोकतंत्र खतरे में है। सरकार ही यहां लोकतंत्र को खत्म कर रही है और प्रधानमंत्री मोदी आकर इनकी तारीफ कर रहे हैं। आखिर यूपी में ये क्या हो रहा है..
    • यूपी सरकार संविधान का हनन कर रही है। पुलिस और प्रशासन का अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है। हम बता देना चाहते हैं कि हम लोकतंत्र के पक्ष में खड़े होने आए हैं। लोगों के साथ खड़े होने आए हैं। हम ऐसा होने नहीं देंगे।
    • कोरोना की दूसरी लहर में पंचायत चुनाव कराए गए। कितने अध्यापकों की मृत्यु हो गई। चुनाव में लगे कितने कर्मचारी मारे गए। तब आपने नहीं सोचा कि कोरोना है। पंचायत चुनाव में अभद्रता हो रही है। लोगों को पीटा जा रहा है। प्रशासन धमकी दे रहा है। विपक्ष भी मौन है। ऊपर से मोदी जी बधाई दे रहे हैं कि प्रदेश में बेहतरीन काम हुआ है।