विकास और विरासत का अद्भुत समन्वय है प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल : डॉ. दिनेश शर्मा

Lucknow UP
  • मोदी के नेतृत्व में दुनिया ने देखी भारत की ताकत

लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल विकास और विरासत के अद्भुत समन्वय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत आर्थिक, सामरिक और सांस्कृतिक रूप से मजबूत हुआ है तथा पूरी दुनिया ने भारत की क्षमता को स्वीकार किया है। कोरोना महामारी और वर्तमान वैश्विक तनावों के बावजूद भारत की विकास दर लगातार मजबूत बनी हुई है, जो प्रधानमंत्री की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को विकास पुरुष बताते हुए कहा कि आज उनकी पहचान विश्व नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित हो चुकी है।

  • घर-घर संपर्क अभियान में गिनाईं उपलब्धियां

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबसे लंबे कार्यकाल तथा उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे घर-घर संपर्क अभियान के तहत डॉ. दिनेश शर्मा ने बर्लिंगटन चौराहा स्थित स्वर्गीय प्रदीप भार्गव के आवास पर पहुंचकर नागरिकों को केन्द्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने राजेंद्र नगर स्थित समाजसेवी केके दुबे के आवास, प्राथमिक विद्यालय सोंधी टोला, पुलवामा पुलिस चौकी के निकट व्यवसायी विमर्श रस्तोगी के आवास तथा चौपटिया स्थित पंडित अशोक कुमार मंगलू पाधा के आवास पर जनसंपर्क कर लोगों को विकास कार्यों की जानकारी दी।

  • राम मंदिर पर राजनीति करने वालों पर साधा निशाना

राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों को खारिज करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि राम मंदिर निर्माण की राह में बाधाएं खड़ी करने वाले लोग अब चंदे के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट पूरे मामले को गंभीरता से देख रहा है और सरकार ने जांच के लिए एसआईटी का गठन भी कर दिया है।

  • ममता बनर्जी और परिवारवाद पर हमला

डॉ. दिनेश शर्मा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा का सूर्यास्त हो चुका है और परिवारवाद की राजनीति अब देश में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज देश को ऐसा नेतृत्व मिला है जिसके लिए पूरा भारत ही परिवार है और वही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहा है।

  • ओवैसी और संजय राउत पर भी टिप्पणी

ओवैसी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि उनकी सोच बाबर और जिन्ना की मानसिकता से प्रभावित है, जबकि भारत वीर अब्दुल हमीद और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के आदर्शों वाला देश है। उन्होंने कहा कि देश में संकीर्ण और विभाजनकारी विचारधारा के लिए कोई स्थान नहीं है। वहीं संजय राउत पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उनका मीडिया मोह अब उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा नहीं कर पाएगा।

  • नारी सम्मान पर सख्त रुख

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के संबंध में सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी की निंदा करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि घर की बहू-बेटियां सम्मान की पात्र होती हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी दल का नहीं बल्कि नारी सम्मान का विषय है और दोषियों को कठोर दंड मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने का भी उन्होंने स्वागत किया।

  • करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

जनसंपर्क अभियान के दौरान प्राथमिक विद्यालय सोंधी टोला में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से स्वर्गीय लालजी टंडन और गोपालजी टंडन के नाम पर निर्मित कक्षों, चौपटिया खेत गली में 18 लाख रुपये की लागत से बनी गलियों, पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में साढ़े आठ लाख रुपये, खाता भीखम क्षेत्र में 10 लाख रुपये, पुलवामा चौक क्षेत्र में साढ़े नौ लाख रुपये तथा खुनखुनजी गर्ल्स डिग्री कॉलेज में 60 लाख रुपये की लागत से बने सभागार सहित कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

  • बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और गणमान्यजन

इस अवसर पर पार्षद अनुराग मिश्रा ‘अनु’, भाजपा नेता अमित टंडन, शालू टंडन, हरिनारायण अग्रवाल, सुधाकर त्रिपाठी, लल्लू मिश्र, राधे तिवारी, पंकज जैन, संजीव अग्रवाल कपूर, संजय त्रिवेदी, रजनीश गुप्ता ‘बॉबी’, अभिनव भार्गव, अपूर्व भार्गव, सर्वेश गोयल, जगजीत कलरा, अमित खत्री, यश अग्रवाल, शांतनु सिंह, डॉ. समर्थ अग्रवाल, उदित अग्रवाल, सचिन साहनी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।