गोरखपुर को विकास का नया आयाम; मुख्यमंत्री योगी ने शुरू किया सुपोषण मिशन का दूसरा चरण

Lucknow
  • 926 करोड़ की 226 विकास परियोजनाओं की सौगात, गोरखपुर को विकास का नया आयाम; मुख्यमंत्री योगी ने शुरू किया सुपोषण मिशन का दूसरा चरण

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर महानगर को 926 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 226 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए उनका लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशव्यापी सुपोषण मिशन के द्वितीय संस्करण का शुभारम्भ किया तथा लाभार्थियों को टेक होम राशन के तहत नवीन अनुपूरक पुष्टाहार वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष विकास, सुशासन और सेवा के स्वर्णिम अध्याय के रूप में देश के सामने हैं और आज भारत विश्व मंच पर नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है।

  • स्वस्थ बचपन से बनेगा सशक्त भारत

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बच्चे के जीवन के शुरुआती एक हजार दिन उसके भविष्य की नींव रखते हैं। यदि इस अवधि में उचित पोषण और देखभाल मिले तो परिवार, समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला तैयार होती है। उन्होंने बताया कि सुपोषण मिशन के दूसरे चरण का लाभ प्रदेश के लगभग दो करोड़ बच्चों तक पहुंचेगा। सरकार गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और कुपोषित बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है ताकि स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।

  • महिला स्वयं सहायता समूहों की बड़ी भूमिका

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न विकास खण्डों में चार हजार से अधिक महिला स्वयं सहायता समूह टेक होम राशन संयंत्रों के माध्यम से धात्री महिलाओं और कुपोषित बच्चों के लिए पौष्टिक खाद्य सामग्री तैयार कर रहे हैं। जिन क्षेत्रों में आपूर्ति में कठिनाई आती है, वहां नैफेड के सहयोग से मजबूत आपूर्ति श्रृंखला विकसित की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और बच्चों के पोषण को जोड़कर प्रदेश सरकार एक व्यापक सामाजिक परिवर्तन का अभियान चला रही है।

  • आंगनबाड़ी केन्द्र बन रहे बाल शिक्षा के मजबूत आधार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी केन्द्रों को प्री-प्राइमरी और बाल वाटिका के रूप में विकसित किया है। आज प्रदेश के 70 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केन्द्रों में तीन से छह वर्ष तक के बच्चों के लिए पोषण और प्रारम्भिक शिक्षा के कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। लगभग दो करोड़ बच्चे इन केन्द्रों के माध्यम से अनुपूरक पोषण और प्रारम्भिक शिक्षा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

  • गोरखपुर का बदला स्वरूप, विकास की नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले गोरखपुर की पहचान इंसेफेलाइटिस, बदहाल सड़कों, जलभराव, बिजली संकट और अविकास से जुड़ी थी, लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज मजबूत हुआ है, इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है, बंद पड़ा उर्वरक कारखाना फिर से संचालित हो रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। व्यापारियों को सुरक्षा मिली है और बेटियों के लिए बेहतर शिक्षा तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

  • खेल, पर्यटन और आधारभूत संरचना में नई उड़ान

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर अब खेल और पर्यटन के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम विकसित किया जा रहा है तथा नया हॉकी स्टेडियम भी शीघ्र तैयार होगा। कार्यक्रम से पूर्व उन्होंने स्पोर्ट्स कॉलेज में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान और नवनिर्मित पवेलियन का अवलोकन किया तथा खिलाड़ियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल और चिलुआताल आज पर्यटन के नए केन्द्र बनकर उभरे हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी गति मिली है।

  • उत्तर प्रदेश बना देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, रेलवे, मेट्रो, एयर कनेक्टिविटी, ऊर्जा और औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। आधुनिक तकनीक के उपयोग से शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जो प्रदेश कभी बीमारू राज्य कहा जाता था, वही आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर अपनी क्षमता का परिचय दे रहा है। उत्तर प्रदेश अब रुकने वाला नहीं है और विकास की यह यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी।

  • सोमावती अमावस्या पर सुरक्षा का संदेश

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को सोमावती अमावस्या की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि श्रद्धालु नदियों में बैरिकेडिंग के भीतर ही स्नान करें तथा गहरे पानी में जाने से बचें। उन्होंने लोगों से स्वयं सुरक्षित रहने और बच्चों को भी संभावित दुर्घटनाओं से बचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए व्यापक विकास कार्यों की सराहना करते हुए गोरखपुर को विकास के नए मॉडल के रूप में उभरता हुआ बताया।