Gonda News : वाहन चेकिंग के दौरान मुठभेड़, तीन चोर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

# ## Gorakhpur Zone

कोतवाली क्षेत्र के सोनहरा मोड़ के पास शनिवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और शातिर चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास कर रहे तीन अंतरजनपदीय चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना, चांदी, नकदी, अवैध तमंचा तथा चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। साथ ही क्षेत्र में हुई आधा दर्जन चोरी की वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय और एसओजी प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में कोतवाली करनैलगंज पुलिस एवं एसओजी टीम शनिवार रात सोनहरा मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

गिरफ्तार बदमाश सुनसान घरों और दुकानों बनाते थे निशाना

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में परसोनीपुरवा निवासी रामचंद्र गुप्ता के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी चांदबाबू निवासी भैसहा थाना कौड़िया तथा नईम निवासी चौरी थाना करनैलगंज को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। घायल रामचंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान घरों और दुकानों की रेकी कर रात में नकब लगाकर अथवा ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के जेवरात और नकदी को आपस में बांट लेते थे तथा कुछ सामान बेचकर प्राप्त धनराशि खर्च कर देते थे।

शातिर चोरों के कब्जे से लूट के सामान बरामद

आरोपियों ने बताया कि बरामद सोना, चांदी और नकदी कोतवाली क्षेत्र में दर्ज छह चोरी की घटनाओं से संबंधित है।पकड़े गए शातिर चोरों के कब्जे से पुलिस ने 11 ग्राम सोना, 1 किलो 100 ग्राम चांदी, 93 हजार रुपये नकद, एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस व एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नईम और रामचंद्र के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। दोनों लंबे समय से पुलिस की निगरानी में थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वालों की तलाश में जुटी है।