सोशल मीडिया पर चुनावी वार:सोशल मीडिया के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी

# ## UP

(www.arya-tv.com) निकाय चुनाव का रंग चढ़ने लगा है। एक तरफ तो चुनावी मैदान में उतरने के लिए दावेदार अपना दावा कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चुनावी रंग बदल गया है। अब चुनावी रण में भाजपा, कांग्रेस, सपा, रालोद, बसपा और आप ने सोशल मीडिया के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, दावेदार प्रत्याशी भी टिकट मिलते ही फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब और व्हाट्सऐप के जरिये मतदाता तक पहुंचने के लिए डिजिटल प्रचार करने में जुट जाएंगे।

भाजपा ने सोशल मीडिया के जरिए प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने की तैयारी भी शुरू कर दी है, जिसकी जिम्मेदारी आईटी प्रकोष्ठ को दी गई है। आईटी प्रकोष्ठ ने प्रचार के लिए जो रोडमैप तैयार किया है, उसके मुताबिक प्रत्येक बूथ तक पहुंचने की तैयारी है। सूत्र बताते हैं कि प्रत्येक बूथ के मतदाताओं को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा जाएगा। हर बूथ पर 11 लोगों की कमेटी बनाई है। इसमें अध्यक्ष, महामंत्री, एक महिला प्रमुख को शामिल किया गया है। इसके अलावा वर्चुअल रैलियां भी की जाएगी। साथ ही मंडल, सेक्टर और बूथ लेवल तक फेसबुक, ट्विटर, व्हाट्सएप सहित कई प्रमुख प्लेटफार्म से प्रचार किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा बताते हैं कि निकाय चुनाव को लेकर पार्टी की सभी स्तर पर तैयारी चल रही है।

कांग्रेस की महानगर व जिला कमेटी ने भी अपने सोशल मीडिया सेल को तैयारी में लगा दिया है। जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि सोशल मीडिया के द्वारा पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। सभी वार्ड में व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जा रहे हैं।

युवा टीम पार्टी का करेंगी प्रचार प्रसार

युवा टीम सभी प्रत्याशियों का प्रचार करते हुए प्रत्येक मतदाता तक पहुंचेगी। युवा टीम पार्टी और चुनाव मैदान में उतरने वाले सभी प्रत्याशियों का फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर प्रचार करेगी। रालोद ने भी सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए टीम तैयार की है, जो प्रचार करेंगी। बसपा सोशल मीडिया पर अन्य के मुकाबले कम एक्टिव है। इसी तरह आम आदमी पार्टी की यूथ और आईटी विंग मिलकर पार्टी और प्रत्याशियों का सोशल मीडिया पर प्रचार करेगी।

व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए मतदाताओं तक पहुंचेंगे

सभी दल व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए बूथ स्तर पर टीमें बनाई जा रही है। ताकि इन टीमों के जरिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएं और प्रचार किया जाए। इस व्हाट्सएप ग्रुप में उस बूथ के सभी मतदाताओं को जोड़ने की तैयारी है। ताकि सभी तक पार्टी और प्रत्याशी पहुंच सके।