आगरा में भीमनगरी का मंच गिरने से पूर्व प्रधान की मौत, सारे कार्यक्रम हुए स्थगित

Agra Zone

(www.arya-tv.com) भीमनगरी में लाइटिंग स्टैंड गिरने से पूर्व प्रधान राजू की मौत होने व पदाधिकारियों के घायल होने के बाद आयोजन समिति ने भीमनगरी को स्थगित कर दिया है। वहीं प्रशासन द्वारा भीमनगरी के मंच पर लाइटिंग स्टैंड गिरने की जांच कराई जाएगी। एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि डीएम प्रभु एन सिंह द्वारा मजिस्ट्रेट को नामित किया जाएगा। वहीं भीमनगरी में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण शनिवार के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। वह आएंगे या नहीं, इस पर संशय है।

सेवला रोड स्थित नगला पदमा में 15 से 17 अप्रैल तक भीमनगरी सज रही थी। शुक्रवार को पहले दिन भीमनगरी में उद्घाटन समारोह था। हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ थी। आयोजन समिति के कोषाध्यक्ष श्याम जरारी ने बताया कि भीमनगरी में शनिवार को बौद्ध रीति-रिवाजों से होने वाला सामूहिक विवाह समारोह और रविवार को होने वाला सम्मान समारोह स्थगित कर दिया गया है।

शनिवार को होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में समाज कल्याण, अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण को आना था। पिछले वर्ष भीमनगरी समारोह के अंतिम दिन केंद्रीय समिति के अध्यक्ष भरत सिंह पिप्पल की मौत होने पर सम्मान समारोह को स्थगित कर दिया गया था। एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि मंच टूटने की जांच कराई जाएगी। आखिर लाइटिंग लैंप कैसे गिर गया। इसकी जांच होगी।

आगरा में सजी भीम नगरी में शुक्रवार की रात को लाइटिंग स्टैंड मंच पर गिरने से एक पूर्व प्रधान राजू की मौत हो गई। हादसे में केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बाल-बाल बच गए। हादसे के समय केंद्रीय संस्कृति का संबोधन चल रहा था। स्टैंड की चपेट में आकर पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुवेश, केंद्रीय समारोह समिति के महामंत्री धर्मेंद्र सोनी, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह व्यास सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

घटना शुकव्रार की रात 9:40 बजे की है। भीम नगरी के मंच से केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल वहां मौजूद सैकड़ों लोगों काे संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान आंधी के चलते लाइट चली गई। जिससे मंत्री ने दो संबोधन दो मिनट के लिए रोक दिया। इसी दौरान वहां लगा भारी भरकम लाइटिंग स्टैंड मंच पर गिर गया। उस पर मौजूद पूर्व विधायक गुटियारी लाल दुवेश, धर्मेंद्र सोनी, श्याम जरारी, सुरेश तेहरा, गनपत सिंह, देवेंद्र सिंह, बरौली ब्लाक प्रमुख उत्तम सिंह का नाती ध्रुव सिंह समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए।

हादसे से मंच पर मौजूद दर्जनों लोगों में अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। एक मिनट बाद ही लाइट आने पर लोगों ने केंद्रीय मंत्री को मंच से सकुशल दूसरी जगह पहुंचाया। सीओ सदर राजीव कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल नगला पदमा के पूर्व प्रधान राजू को स्वजन नामनेर स्थित अस्पताल लेकर गए। वहां डाक्टरों ने उन्हें मृ़त घोषित कर दिया। अन्य लोग मामूली घायल हुए हैं।