गाजियाबाद: गाजियाबाद में कैश वैन लूटने वाले दो 2 इनामी बदमाशों को पलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। दोनों पर एक-एक लाख का इनाम था। इस कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। मुठभेड़ वेव सिटी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को हुई। मारे गए बदमाशों ने 6 मई को कैश वैन के ड्राइवर को बंधक बनाकर कैश वैन लूटी थी। बाद में घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर कैश वैन को मसूरी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर छोडकर भाग गए थे।
27 लाख रुपये लूटकर हुए थे फरार
बदमाशों ने कैश वैन के सीसीटीवी डीवीआर को कुल्हाड़ी से तोडा दिया था। कैश वैन से बदमाशों ने करीब 27 लाख रुपया लूटा था। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि मारे गए बदमाशों की पहचान समीर और जुबैर के रूप में हई है। दोनों पर पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड ने एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।
जानकारी के मुताबिक, दोनो बदमाश 6 मई को क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र से कैश वैन लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने की सख्ती देखकर दोनों बदमाश कैश वैन से 27 लाख रुपये लूटकर वैन को हाइवे पर छोड़ कर फरार हो गए थे। दो बदमाशों को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर करीब 8 लाख कैश बरामद किया था। बाकी बदमाशों की तलाश की जा रही है।
तीन लोगों का हत्यारोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
वहीं, चंदौली जिले में तीन लोगों की हत्या का आरोपी पूर्व सैनिक पुलिस से मुठभेड़ में मारा गया। वारदात में एक दारोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गये हत्यारे की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी गुरुप्रीत सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सिंह पर अलग-अलग तारीखों पर दो लोगों की ट्रेन में और एक व्यक्ति की अस्पताल में गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। पटेल ने बताया कि सोमवार की रात पुलिस उसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर रेलवे स्टेशन ले गई और बाद में उसे रात करीब साढ़े 10 बजे वारदात की परिस्थितियों के आकलन के लिए सकलडीहा क्षेत्र में ले गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनी और पुलिस टीम पर गोलियां चलाकर भागने की कोशिश की।
