NCC कैडेट्स के बीच मोदी:PM बोले- एक भारत-श्रेष्ठ भारत ही हमारी मंजिल

National

(www.arya-tv.com) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को गणतंत्र दिवस परेड में परफॉर्म करने वाले NCC कैडेट्स के बीच पहुंचे। इन्हें संबोधित करते हुए मोदी ने कहा- हमारा देश विविधताओं से भरा होने के बावजूद भी एक है। भारत यानी करोड़ों आम आदमियों की आशाओं और आकांक्षाओं की सामूहिक शक्ति। भारत यानी समाज अनेक, भाव एक। भारत यानी पंथ अनेक लक्ष्य एक। भारत यानी विवाद अनेक मूल्य एक। भाषाएं अनेक अभिव्यक्ति एक। रंग अनेक तिरंगा एक। अगर एक पंक्ति में कहें तो भारत में रास्ते भले ही अलग-अलग हैं, लेकिन गंतव्य एक ही है। मंजिल एक ही है। ये मंजिल है एक भारत-श्रेष्ठ भारत।

एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना मजबूत हो रही
मोदी ने कहा- एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना देश के हर कोने में मजबूत और प्रकट हो रही है। आपने देखा होगा कि मिजोरम की 4 साल की बालिका ने वंदेमातरम गाया, तो सुनने वाला गर्व से भर गया। केरल की बच्ची कठिन परिश्रम से हिमाचली गीत गाती है, तो राष्ट्र की ताकत महसूस होती है। तेलुगु बोलने वाली बिटिया अपने स्कूल प्रोजेक्ट में हरियाणवी खान-पान की बात कहती है। इससे हमें अपनी ताकत पता चलती है।

उन्होंने कहा कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत एक पोर्टल है और आप डिजिटल जनरेशन वाले वहां जरूर जाइएगा। वहां व्यंजन विधियों वाला सेक्शन है, वहां एक हजार से ज्यादा लोगों ने अपने व्यंजन साझा किए हैं। अपने परिवार में कहिएगा कि मां आज ये पकाओ, आपको आनंद आएगा।