बड़े शहरों में घट रहा कोरोना:मुंबई के अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या 61% घटी

# ## National

(www.arya-tv.com)  कोरोना की तीसरी लहर के बीच देश के बड़े शहरों से राहत देने वाली खबर सामने आई है। सबसे ज्यादा संक्रमण वाले शहर मुंबई से लेकर देश की राजधानी दिल्ली तक अस्पताल में भर्ती मरीजों की तादाद घट रही है। इन शहरों में पिछले सात से 15 दिन के ट्रेंड को देखें, तो लगता है कि महामारी की तीसरी लहर का पीक गुजर चुका है।

आंकड़े दिखाते हैं कि इन शहरों में कोरोना की वजह से अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में गिरावट शुरू हो गई है। तीसरी लहर में पहली बार देश में एक्टिव मरीजों की संख्या में भी गिरावट का ट्रेंड नजर आ रहा है। देशभर में में 23 जनवरी को सबसे ज्यादा 22.43 लाख एक्टिव मरीज थे, जो 26 जनवरी को घटकर 21.95 लाख रह गए हैं।

मुंबई: अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या 61% घटी

मुंबई के अलग-अलग अस्पतालों में 11 जनवरी को 8 हजार 727 कोरोना मरीज भर्ती थे। 26 जनवरी को यह आंकड़ा घटकर 3 हजार 384 रह गया। इस तरह अस्पतालों में भर्ती कोरोना मरीजों की संख्या में 61% की कमी आ चुकी है। खास बात यह है कि तीसरी लहर के दौरान मुंबई में देशभर में सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज मिले थे। दूसरी और पहली लहर में भी यही ट्रेंड देखने को मिला था।

दिल्ली: अस्पतालों में 28% मरीज कम हुए

दिल्ली के अस्पतालों में 17 जनवरी को 2 हजार 782 मरीज भर्ती थे। 26 जनवरी को इनकी संख्या घटकर 2 हजार ही रह गई। इस तरह राजधानी के अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या में 28% की कमी आई है। दिल्ली में मरीजों की संख्या घटने का असर बाजारों पर भी दिखेगा। दिल्ली सरकार ने 28 जनवरी से कोरोना पाबंदियों में राहत देने का ऐलान किया है।