अफगानिस्तान में हवाई हमले में पाक देगा अमेरिका का साथ, अमेरिकी प्रशासन ने दी जानकारी

International

(www.arya-tv.com) अफगानिस्तान में आतंकी समूहों को खत्म करने के लिए अमेरिका और पाकिस्तान एक साथ आने जा रहे हैं। इस बात की जानकारी अमेरिकी प्रशासन ने दी है। जानकारी के अनुसार अमेरिका अफगानिस्तान में सैन्य और खुफिया अभियानों के संचालन के लिए हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल के लिए पाकिस्तान के साथ औपचारिक समझौते के करीब है। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान ने आंतक विरोधी कोशिशों और भारत के साथ संबंधों के बदले एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की इच्छा जताई है। लेकिन बातचीत अभी पूरी नहीं हुई है। वहीं, अमेरिका के आगे झुकने के पीछे पाकिस्तान का मकसद भारत के साथ दोस्ती बढ़ाना भी हो सकता है। पाकिस्तान को लगता है कि अगर वह आतंक के खात्मे में अमेरिका का साथ देगा तो भारत के साथ संबंध सुधर सकता है। इस कदम से पाकिस्तान को FATF की ग्रे लिस्ट से निकलने में मदद मिल सकती है।

व्हाइट हाउस अभी भी यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है कि वह अफगानिस्तान से बाहर रहते हुए भी इस्लामिक स्टेट और अन्य आतंकी समूहों के खिलाफ कारवाई को कैसे अंजाम दे सकता है। मौजूदा वक्त में यह तभी संभव है जब अमेरिकी सेना अफगानिस्तान तक पहुंचने के लिए पाकिस्तान हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करती है। लेकिन अब तक इसे लेकर कोई औपचारिक समझौता नहीं हो सका है। 

पाकिस्तान के रास्ते अफगानिस्तान में घुसना आसान
बताया जा रहा है कि अमेरिका के लिए पाकिस्तान के माध्यम से अफगानिस्तान में प्रवेश करना आसान हो सकता है। इस अभियान के जरिए अमेरिका एक बार फिर अमेरिकी नागरिकों और देश में रहने वाले अन्य लोगों को बाहर निकालने के लिए उड़ानें शुरू कर सकता है। वहीं एक अन्य सूत्र ने कहा कि जब अमेरिकी अधिकारियों ने पाकिस्तान का दौरा किया तो एक समझौते पर चर्चा हुईए लेकिन यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि पाकिस्तान क्या चाहता है या बदले में अमेरिका कितना देना चाहता है।

पाक के अलावा कुछ और देश भी विकल्प
अफगानिस्तान में सैन्य उपस्थिति बनाने के लिए अमेरिका पाकिस्तान के अलावा उज्बेकिस्तानए ताजिकिस्तान आदि देशों को भी विकल्प मान रहा है। लेकिन ये देश रूस को नाराज नहीं करना चाहते हैं। मौजूदा वक्त में अमेरिका मिडिल ईस्ट के ठिकानों से अफगानिस्तान के लिए उड़ान भरने के लिए मजबूर है। यही कारण है कि जो बाइडेन सरकार अधिक कुछ मजबूत विकल्प की तलाश में है।