अपनी प्रतिभा और मेहनत को सर्वोच्च मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर- मुख्यमंत्री

Lucknow
  • राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने राज भवन प्रांगण में 54वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प  प्रदर्शनी-2023 का शुभारम्भ किया

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज भवन प्रांगण में आयोजित चार दिवसीय 54वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2023 का शुभारम्भ किया। यह प्रदर्शनी 17 से 20 फरवरी, 2023 तक आयोजित की गयी है।
मुख्यमंत्री ने राजभवन में प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के आयोजन के लिए राज्यपाल जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदर्शनी द्वारा अन्नदाता किसानों को एक नया मंच मिलता है। यह प्रदर्शनी किसानों को प्रदेश व देश के सामने अपनी प्रतिभा को उजागर करने, अपनी मेहनत को सर्वोच्च मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अन्नदाता किसानों की आमदनी को कई गुना बढ़ाए जाने पर बल देते हैं, तब उनके द्वारा खेती व बाड़ी दोनों की चर्चा की जाती है। हम अपनी परंपरागत खेती में जितना उत्पादन करते हैं, उससे कई गुना फल, शाकभाजी व पुष्प की खेती में कर सकते हैं।

औद्यानिक फसल कई गुना आमदनी प्राप्त करने का माध्यम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर आये एक प्रगतिशील किसान ने बताया कि उन्होंने एक हेक्टेयर खेती में 29 लाख रुपये का नेट प्राॅफिट कमाया। ऐसे ही अलग-अलग क्षेत्रों के किसानों को जिन्हें यहां सम्मानित किया गया है, उन सभी की एक सफल कहानी है। औद्यानिक फसलों के माध्यम से बागवानों और प्रगतिशील किसानों ने खेती-किसानी से जुड़े सभी अन्नदाता किसानों के सामने एक नया मानक प्रस्तुत किया है। राज भवन में आयोजित की जा रही प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी के 54 वर्षों के इतिहास के पीछे भी यही मंशा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है। हमारा अन्नदाता किसान कड़ी मेहनत करता है। प्रकृति ने प्रदेश में उर्वरा भूमि व पर्याप्त जल संसाधन दिये हैं। देश की 11 प्रतिशत कृषि योग्य भूमि होने के बावजूद उत्तर प्रदेश देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में 20 प्रतिशत योगदान करता है। देश में जो बात उत्तर प्रदेश के अन्नदाता किसानों के लिए फिट बैठती है, वही स्थिति प्रदेश की औद्यानिक फसलों के किसानों के बारे में देखने को मिलती है। उत्तर प्रदेश की कृषि जीडीपी में अन्नदाता किसानों का बड़ा योगदान है। उसी प्रकार औद्यानिक फसलों से ही कृषि जीडीपी में 25 प्रतिशत योगदान प्रदेश का किसान करता है। इस अवसर पर राज्यपाल जी एवं मुख्यमंत्री द्वारा प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2023 स्मारिका का विमोचन किया गया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए फल, शाकभाजी एवं पुष्प स्टाॅलों का अवलोकन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *