अब महाराष्ट्र की प्राइमरी रेस्पांस टीम भी पीटीआर में सीखेगी वन्यजीव प्रबंधन के गुर

# ##

पीलीभीत टाइगर रिजर्व के बाघ मित्र मॉड्यूल की गूंज देश भर में सुनाई दे रही है। बाघों के निगरानी समेत मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने में मुफीद साबित हो रहे इस मॉड्यूल समेत टाइगर रिजर्व के वन एवं वन्यजीव प्रबंधन का गुर सीखने के लिए महाराष्ट्र के तडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व की 10 सदस्यीय प्राइमरी रेस्पांस टीम 24 अप्रैल को यहां पहुंच रही है। यह टीम दो मई तक यहां प्रवास कर टाइगर रिजर्व में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों का गहन अध्ययन करेगी।

तराई ही हरी-भरी वादियों के बीच 73 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में फैला पीलीभीत टाइगर रिजर्व अपनी विशिष्ट जैव विविधता के चलते देश-दुनिया में मशहूर हो रहा है। बाघों की सुरक्षा एवं निगरानी समेत मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में पीलीभीत टाइगर रिजर्व का बाघ मित्र मॉड्यूल भी खासा मुफीद साबित हो रहा है। बाघ मित्र माड्यूल को कारगर होता देख इसे अब अमानगढ़ टाइगर रिजर्व समेत अन्य पांच वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में लागू किया जा चुका है। वहीं टाइगर रिजर्व प्रशासन भी सीमित संसाधनों के दम पर वन एवं वन्यजीव प्रबंधन में एक मिसाल कायम कर रहा है। तमाम टाइगर रिजर्व के वन अफसर एवं वनकर्मी पीलीभीत टाइगर रिजर्व में आकर यहां के वन एवं वन्यजीव प्रबंधन समेत अन्य कार्यक्रमों का बारीकी से अध्ययन कर चुके हैं। इसी कड़ी में अब महराष्ट्र के ताडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत सामुदायिक क्षेत्र में कार्य करने वाली प्राइमरी रेस्पांस टीम का एक 10 सदस्यीय दल 24 अप्रैल को पीलीभीत टाइगर रिजर्व आ रहा है।

बाघ मित्र समेत वाइल्ड लाइफ मैनेजमेंट का करेंगे गहन अध्ययन
विश्व प्रकृति निधि के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि तडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व का 10 सदस्यीय दल यहां बाघ मित्र मॉड्यूल के अलावा पीलीभीत टाइगर रिजर्व का वाइल्ड लाइफ मैनेजमेंट, वन्यजीव संघर्ष प्रबंधन, पर्यटन संबंधी गतिविधियों एवं सामुदायिक क्षेत्रों में आजीविका सृजन समेत अन्य कार्यक्रमों का गहन अध्ययन करेगा। उन्होंने बताया कि यह दल 02 मई को ताडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व के लिए रवाना हो जाएगा। बता दें कि गत वर्ष पीलीभीत टाइगर रिजर्व के 20 बाघ मित्रों का दल तडोबा अंधारी टाइगर रिजर्व गया था। बाघ मित्रों ने तडोबा टाइगर रिजर्व के जंगल वॉलंटियर्स को अपने कामकाज के तौर-तरीकों से रूबरू कराया था।