रात के तापमान में होगी वृद्धि, मार्च में 40 डिग्री के पार जाएगा तापमान

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) मार्च के शुरुआती दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य या इससे कुछ अधिक होगा। इस महीने में हीट वेव की संभावना नहीं है। फरवरी से ही गर्मी का तापमान चढ़ने लगा था। दिसंबर-2022 रिकॉर्ड में सबसे गर्म रहा। अब फरवरी 2023 पिछले 122 वर्षों में, यानी 1901 के बाद से सबसे गर्म रही। अधिकतम तापमान का मासिक राष्ट्रीय औसत 29.54 डिग्री तक पहुंच गया है।

रात के तापमान में होगी वृद्धि
मार्च में सामान्य से कम वर्षा की उम्मीद जताई गई है। रात के तापमान में वृद्धि तय है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस माह गर्मी का पूर्वानुमान जारी किया है। बुधवार को अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 13.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं मार्च में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

बारिश के आसार लेकिन कम होगी
इस वर्ष मौसम में बदलाव अधिक दिख रहा है। फरवरी में इस बार अधिक गर्मी पड़ी है, जबकि यह महीना गुलाबी सर्दी का माना जाता है। मार्च में कानपुर मंडल में तेजी से तापमान बढ़ने की संभावना कम बताई जा रही है। माना जा रहा है कि अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री के आसपास रहेगा। इस मार्च में बारिश की संभावना है, लेकिन यह सामान्य से काफी कम की संभावना है।

तेज लू चलेगी और तापमान चढ़ेगा
कानपुर मंडल में अप्रैल और मई के महीनों में गर्मी अधिक पड़ेगी। तेज लू चलेगी और तापमान भी चढ़ेगा। दिन का तापमान औसत से अधिक जाना तय है। मई के महीने में हीट वेव रहेगी। यह लंबे समय तक रह सकती है। सीएसए के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि इस सप्ताह तापमान में तेजी से वृद्धि नहीं होगी।