सपा विधायक की संपत्तियों पर कार्रवाई आज: जाजमऊ में 8 करोड़ रुपए की 4 संपत्तियां पुलिस करेगी सीज

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) सपा विधायक इरफान सोलंकी के बाद अब उनकी संपत्तियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पहली बार पुलिस ने सपा विधायक की संपत्ति पर कार्रवाई का एक्शन प्लान तैयार किया है। दोपहर बाद विधायक की करीब 8 करोड़ रुपए की संपत्ति को सीज किया जाएगा।

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि चकेरी और जाजमऊ थाना अंतर्गत विधायक की 4 प्रॉपर्टी को सीज किया जाएगा। इनकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपए आंकी गई है। चारों संपत्ति विधायक इरफान सोलंकी, उनके भाई रिजवान सोलंकी और पत्नी नसीम सोलंकी के नाम पर हैं।

पहली बार विधायक की संपत्ति पर कार्रवाई
गैंगस्टर एक्ट के तहत विधायक और उनके गैंगस्टर साथियों की संपत्तियों को पुलिस सीज कर रही है। आज पहली बार पुलिस विधायक की संपत्तियों पर कार्रवाई करने जा रही है। इसके लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। पुलिस ने अभी तक करीब विधायक के गैंगस्टर साथी शौकत पहलवान की 2 प्रॉपर्टी सीज की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 34 करोड़ रुपए है।

करीब 150 करोड़ रुपए की संपत्ति
विधायक इरफान सोलंकी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब 150 करोड़ की संपत्ति चिह्नित की गई है। इसमें विधायक, उनके भाई रिजवान और उनकी पत्नी के नाम पर चकेरी स्वर्ण जयंती विस्तार योजना में 300 वर्ग मीटर के तीन प्लॉट हैं। इसके साथ ही विधायक के नाम पर गाजियाबाद में 300 वर्गमीटर का प्लॉट, ग्रेटर नोएडा स्थित फ्लैट समेत 25 से 30 करोड़ की संपत्ति पहले चरण में पुलिस जब्त करेगी।

इसके बाद दिल्ली और मुंबई समेत कानपुर, उन्नाव की 28 कीमती संपत्तियों को चिह्नित किया है। इसके साथ ही करोड़ों की बेनामी संपत्तियां भी सामने आई हैं। अन्य संपत्तियों को भी सीज करने की कार्रवाई पुलिस करेगी।

प्लॉट के विवाद ने पहुंचा दिया सलाखों के पीछे
जाजमऊ के डिफेंस कॉलोनी में सपा विधायक इरफान सोलंकी की कोठी है। इनके मकान के सामने एक बड़ा प्लॉट है। मौजूदा समय में इस पर महिला नजीर फातिमा का कब्जा है। विधायक और नजीर फातिमा के बीच सालों से मालिकाना हक के लिए झगड़ा चल रहा है।

आरोप है कि 7 नवंबर को विधायक इरफान सोलंकी, उनके भाई रिजवान समेत अन्य लोगों ने प्लॉट पर बने अस्थाई मकान को फूंक दिया। महिला की तहरीर पर जाजमऊ पुलिस ने विधायक और उनके भाई समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।

इसके बाद एक के बाद एक गैंगस्टर एक्ट समेत आठ नए मुकदमे इरफान सोलंकी के खिलाफ दर्ज हुए थे। इसी मामले में इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान को पुलिस ने अरेस्ट करके जेल भेज दिया था।

इन पांचों पर लगा है गैंगस्टर
कानपुर से सीसामऊ विधानसभा से चार बार के विधायक इरफान सोलंकी के साथ ही उनके भाई रिजवान सोलंकी, सपा नेत्री के पिता शौकत अली, हिस्ट्रीशीटर इसराइल आटे वाला और मोहम्मद शरीफ पर गैंगस्टर एक्ट लगा है। विधायक समेत इन पांचों आरोपियों की 200 करोड़ की संपत्ति जब्त होगी।