मुलायम सिंह यादव वेंटिलेटर पर:शिवपाल यादव बोले-24 घंटे अहम,

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की रविवार शाम को तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल के ICU में वेंटिलेटर पर रखा गया है। उनका ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो गया था। डॉक्टरों का एक पैनल उनका इलाज कर रहा है। वह 26 सितंबर से मेदांता में भर्ती हैं। उनकी हालत नाजुक होने की सूचना पर अखिलेश यादव, पत्नी डिंपल और बेटे अर्जुन के साथ मेदांता अस्पताल पहुंचे। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव भी वहां मौजूद थे।

हालांकि 3 घंटे बाद वह वापस लौट कर लखनऊ आ गए। धर्मेंद्र यादव चाचा मुलायम की अस्पताल में देख-रेख करने के लिए रुके हैं। शिवपाल यादव ने कहा कि मुलायम सिंह के लिए अगले 24 घंटे अहम हैं। PM मोदी, सीएम योगी, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने अखिलेश यादव को फोन कर मुलायम सिंह का हाल-चाल लिया।

मुलायम 24 जून को भी भर्ती हुए थे
इससे पहले 24 जून 2022 को मुलायम सिंह यादव की तबीयत ज्यादा खराब होने पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पर रुटीन चेकअप और इलाज के बाद डिस्चॉर्ज कर दिया गया था। इससे पहले मुलायम को 15 जून की शाम को मेदांता में भर्ती कराया गया था। यहां पर स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें दो दिन में डिस्चार्ज कर दिया गया था।

दरअसल, मुलायम सिंह यादव बीते दो साल से बीमार चल रहे हैं। परेशानी अधिक बढ़ने पर उन्हें अक्सर अस्पताल में भर्ती कराया जाता है। पहले भी वह कई बार मेदांता अस्पताल में भर्ती कराए चुके हैं। मुलायम सिंह यादव को जुलाई 2021 में भी मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।