नेपाल के राजदूत नीलांबर आचार्या ने कहा, भारत ने ​नेपाल को दी 10 लाख कोरोना वैक्सीन, डब्ल्यूएचओ ने किया धन्यवाद

Health /Sanitation International

(www.arya-tv.com) भारत ने नेपाल को कोरोना वैक्सीन की 10 लाख डोज की मदद की है और 20 लाख टीके नेपाल ने सीरम इंस्टीट्यूट आफ इंडिया से खरीदे हैं। यह जानकारी भारत में नेपाल के राजदूत नीलांबर आचार्या ने दी है। उन्होंने कहा कि भारत ने 10 लाख डोज नेपाल को उपहार में दी हैं और 20 लाख डोज हमने सीरम इंस्टीट्यूट से खरीदी हैं। उन्होंने कहा, हमें उम्मीद है कि अक्टूबर से वैक्सीन मैत्री की शुरुआत के साथ हम और ज्यादा वैक्सीन प्राप्त कर सकेंगे।

भारत वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम अक्टूबर से फिर से शुरू करने जा रहा है। इसके तहत एक बार फिर से कोरोना वैक्सीन का निर्यात शुरू किया जाएगा। इसे लेकर वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डा. टेड्रोस अधनोम घेब्रेयेसस ने स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को धन्यवाद दिया। भारत कोवैक्स कार्यक्रम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के तहत अक्टूबर से वैक्सीन का निर्यात शुरू करने जा रहा है।

घेब्रेयेसस ने कहा कि भारत ने अक्टूबर से कोवैक्स को महत्वपूर्ण कोरोना वैक्सीन शिपमेंट फिर से शुरू करने की घोषणा की है। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया को धन्यवाद। यह साल के अंत तक सभी देशों में 40 फीसद टीकाकरण के लक्ष्य तक पहुंचने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।