वोटर लिस्ट अपडेट करेगा गोरखपुर नगर निगम:5 अक्टूबर से दर्ज करा सकेंगे लिस्ट में नाम

# ## Gorakhpur Zone

(www.arya-tv.com) अगर आप गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र का वोटर बनने से बचे रह गए हैं तो, आपको वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने का जल्द ही मौका मिलेगा। इसके लिए 5 से 20 अक्टूबर तक मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) डोर-टू-डोर जाकर मतदाता बनाने का काम करेंगे।

अभियान के दौरान नगर निगम सीमा में शामिल हुई 32 ग्राम पंचायतों के मतदाताओं के नाम भी नगर निगम की मतदाता सूची में समाहित किए जाएंगे। नवंबर या दिसंबर में निकाय चुनाव संभावित है। इसे लेकर परिसीमन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। आरक्षण के लिए सर्वे चल रहा है। अब मतदाता सूची को अंतिम रुप देने के लिए भी कसरत शुरू हो गई है।

नगर निगम का भी बढ़ गया दायरा
निगम का दायरा बढ़ने की वजह से इस बार नए बूथ भी बनाए जाएंगे। पिछले चुनाव में बूथों की संख्या 718 थी। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक इस बार करीब 125 नए बूथ बनाए जा रहे हैं।

MLC चुनाव के लिए पहली से बनेगी वोटर लिस्ट
निकाय चुनाव के साथ ही गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक (MLC) निर्वाचन के लिए भी तैयारियां तेज हो गई हैं। जनवरी-फरवरी 2023 में प्रस्तावित इस चुनाव के लिए एक अक्टूबर से वोटर लिस्ट बनाने का काम शुरू हो जाएगा।

निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक एक अक्टूबर को नोटिफिकेशन जारी होगा। वहीं, 7 नवंबर तक आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि तय की गई है।

30 दिसंबर को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
19 नवंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट तैयार करने और 23 नवंबर को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन और 23 नवंबर से 9 दिसंबर तक आपत्ति और उसके निस्तारण और 30 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।