monsoon in varanasi 2022 : मानसून अब यूपी में देने जा रहा दस्‍तक, पूर्वांचल में बादलों ने शुरू की आवाजाही

Environment

(www.arya-tv.com) बिहार में पटना के आसपास दो दिन पूर्व ही मानसून सक्रिय हो चुका है। मानसूनी सक्रियता का रुख शुरू होने के साथ ही एक दिन पूर्व मानसून बिहार में ठिठक भले ही गया हो लेकिन अब यह सक्रिय होने की ओर है। बिहार में मानसूनी सक्रियता बेहतर होने के बाद अब मानसून उत्‍तर प्रदेश की ओर रुख करने जा रहा है। सप्‍ताह भर के भीतर अनुमानों के अनुसार मानसून उत्‍तर प्रदेश में पूर्वांचल के रास्‍ते दस्‍तक दे सकता है। माना जा रहा है कि अब वाराणसी के आसपास प्री मानसूनी सक्रियता पूर्ण रूप से हो चुका है। इसके साथ ही पूर्वांचल में अब पर्याप्‍त नमी का स्‍तर भी बढ़ने लगा है। ऐसे में मानसून के आगमन की आहट शुरू हो चुकी है।

झारखंड में मानसून जहां तीन दिन लेट होने की जानकारी मौसम विभाग की ओर से दी गई है वहीं दूसरी ओर वाराणसी और आसपास मानसून के एक दो दिन तक लेट होने की स्थिति बन सकती है। माना जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में उड़ीसा और आसपास दोबारा मानसूनी सक्रियता का रुख होने की वजह से दस दिनों से ठहारा मानसून अब आगे बढ़ सकता है। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्‍वीरों में पूर्वोत्‍तर भारत ही नहीं बल्कि बिहार और छत्‍तीसगढ़ में भी बादलों की आवाजाही मानसून की राह प्रशस्‍त कर रही है। इसकी वजह से अब मानसूनी सक्रियता की आहट होने लगी है।
बीते वर्ष 13 जून को मानसून अचानक सक्रिय होकर चौबीस घंटों में लखनऊ तक जा पहुंचा था। इस बार मानसून 15 जून तक भी उत्‍तर प्रदेश में पर्याप्‍त सक्रिय नहीं हो सका है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 20 जून के आसपास ही मानसून उत्‍तर प्रदेश में दाखिल होता है। उस लिहाज से मानसून में अधिक देरी नहीं मानी जा सकती है। दूसरी ओर मानसून की सुस्‍त गति की वजह से उत्‍तर भारत में बीते पखवारे खूब उमस और गर्मी का दौर रहा है। अब मानसूनी सक्रियता की आहट वातावरण में बढ़ रही नमी की वजह से नजर आने लगी है।