मेरठ : जैन नगर में एसी का कंप्रेसर फटने से घर में लगी आग, सामान जलकर हुआ खाक

Meerut Zone UP

(www.arya-tv.com) रेलवे रोड थाना क्षेत्र के जैन नगर में शनिवार तड़के एक मकान में एसी का कंप्रेशर फटने से भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर भी फट गया, जिससे पूरा इलाका दहल गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान खाक हो गया।

जैन नगर बीच वाली गली में सुभाष चंद जैन का परिवार रहता है। परिवार में बेटे संजय जैन, उनकी पत्नी रूपाली जैन के अलावा बेटा सम्यक जैन भी पत्नी आकांक्षा के साथ रहते हैं। जिनका स्पोर्ट्स का कारोबार है। शुक्रवार आधी रात करीब 2:30 बजे घर के अगले हिस्से में आग लग गई। कमरे में सुभाष चंद जैन सोए हुए थे जो गर्मी महसूस होने के बाद जाग गए और कमरे से बाहर आ गए। इसके बाद आग लगी देख उन्होंने शोर मचा दिया। संजय जैन व उनकी पत्नी रुपाली भी मकान से बाहर आ गए। शोर सुनकर सम्यक जैन व उनकी पत्नी आकांक्षा भी जाग गए।

तब तक निचले हिस्से में आग फैल चुकी थी। बाहर निकलने का रास्ता नहीं दिख रहा था। बराबर वाला घर सुभाष चंद जैन के भाई का है। सम्यक जैन ने पत्नी को उनकी छत के रास्ते घर के बाहर सकुशल निकाल लिया। देखते ही देखते पूरे घर को आग की लपटों ने घेर लिया। सूचना पाकर दमकल की चार से पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। इस हादसे के बाद पूरा परिवार सदमे में है। दिन निकलते ही रिश्तेदारों का तांता लगना शुरू हो गया। आलम यह था कि परिवार के लोग कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि स्प्लिट एसी की आउटडोर यूनिट में आग लगने के बाद पूरे घर में आग फैलना सामने आया है। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।