विदाई के बाद ससुराल पहुंची विवाहिता, पति ने पुलिस में कर दी शिकायत, जानें क्या है मामला

Agra Zone

(www.arya-tv.com) शादी के दो महीने के दौरान ही नवविवाहिता की ससुराल में हरकतें देख मामला पुलिस तक पहुंच गया। पति और ससुराल वालों ने आरोप लगाया कि विवाहिता दिमाग से काम नहीं करती है। पानी गरम होने के बारे में पूछो तो वह बाल्टी में हाथ डाल देती है, जिससे करंट लग सकता है। कोई सवाल करो तो बच्चों की तरह जवाब देती है। वहीं विवाहिता के मायकों वालों ने पति और ससुराल वालों पर उसे परेशान करने का आरोप लगाया। वहीं, पति ने ससुराल वालों पर धोखा देने का। इसकी शिकायत पुलिस में करने पर मामला काउंसलिंग के लिए परिवार परामर्श केंद्र भेजा गया।

एत्माद्दौला इलाके के रहने वाले युवक ने काउंसलर को बताया कि उसकी शादी दाे महीने पहले हुई है। दुल्हन विदा होकर ससुराल पहुंची तो उसका व्यवहार अजीब लगा। उससे कोई भी बात करते तो वह बच्चों की तरह प्रतिक्रिया देती। किसी काम की कहते तो उसे सही तरीके से नहीं करती। पति ने पत्नी के अजीबो गरीब व्यवहार की जानकारी अपने ससुराल वालों को दी। उनसे इसका कारण पूछा, उनसे संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। लड़की के मायके वालों ने उसे पूरी तरह स्वस्थ बताया।

जिस पर पति ने उसे मनोचिकित्सक को दिखाया। वहां पता चला कि पत्नी डिसआर्डर से पीड़ित है। मनोचिकित्सक ने उसे मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के लिए रेफर किया। पति ने ससुराल वालों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। जबकि विवाहिता के स्वजन का कहना था कि लड़की बिल्कुल स्वस्थ है।

काउंसलर ने भी विवाहिता से बातचीत की। जिसके बाद उसके पति व मायके वालों को समझाया। काउंसलर के समझाने पर पति उसे रखने को तैयार हो गया। मगर, उसका कहना था कि ससुराल वाले लड़की को अपने पास रखकर उसका इलाज कराएं। जिससे कि वह स्वस्थ हो जाए, खुद को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाए।

काउंसलिंग के बाद तय हुआ कि मायके वाले तीन महीने तक उसे अपने पास रखकर इलाज कराएंगे। जिसके बाद दंपती दोबारा काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा। लड़की और और उसके स्वजन को अब जून में बुलाया गया है।