बरेली(www.arya-tv.com) नेकपुर में फंदे पर लटकने से एक विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत दस लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में ले लिया है।
बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव बहगुलपुर निवासी जगपाल सिंह ने अपनी बेटी संतोष (20) की शादी दो साल पहले बदायूं के दातागंज थानाक्षेत्र के गांव करीमगंज निवासी रविंद्र यादव के साथ की थी। रविंद्र जोमेटो में काम करता है। जगपाल का आरोप है कि रविंद्र आए दिन उनकी बेटी को दहेज के लिए परेशान करता था।
एक पखवाड़ा पूर्व ही रविंद्र ने नेकपुर गल्ला मंडी में किराये पर कमरा लिया था। दोनों यहीं रह रहे थे। संतोष गर्भवती भी थी बावजूद इसके रविंद्र उसके साथ मारपीट करता था। जगपाल ने बताया कि मंगलवार को रविंद्र ने उनकी बेटी को पीटा तो वह पड़ोसियों के घर में जाकर छिप गई।
इसकी जानकारी जब जगपाल को मिली तो वह नेकपुर में उसके घर पहुंचे। बकौल जगपाल जब वह पहुंचे तो संतोष का शव चारपाई पर पड़ा मिला। जबकि साड़ी खिड़की से बंधी थी। संतोष के गले में फंदा कसा हुआ था। जगपाल ई रिक्शा पर लड़की का शव लेकर सुभाष नगर थाने गए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी रविंद्र यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जगपाल की तहरीर पर रविंद्र उसके घर वालों समेत दस लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक संतोष की मौत फंदे पर लटकने से हुई है।