कंगना रनोट भाषा में कभी-कभी मर्यादा खो देती हैं:मनोज तिवारी

# ## Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com)  एक्ट्रेस कंगना रनोट हमेशा अपने बयानों को लेकर चर्चा में बनी रहती हैं। अपने बयानों को लेकर कंगना को कई बार आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ता है। हाल ही में एक्टर और BJP सांसद मनोज तिवारी ने एक इंटरव्यू में कंगना रनोट के महाराष्ट्र सरकार, नेताओं समेत कई हस्तियों पर हमलावर होने और विवादित बयान देने को सही नहीं बताया है। उनका कहना है कि कंगना रनोट कभी-कभी भाषा पर मर्यादा खो देती हैं। इतना ही नहीं मनोज ने कंगना को मर्यादित भाषा रखने की सलाह भी दी है।

मनोज तिवारी से एक शो में सवाल पूछा गया कि वह कंगना के बारे में क्या सोचते हैं? इस पर उन्होंने कहा कि वह उनके बारे में कुछ नहीं बोलना पसंद करेंगे। पर जब आगे पूछा गया कि क्या वह कंगना से डरते हैं? तो इस पर जवाब देते हुए मनोज ने कहा, “मुझे लगता है कि आपको अपनी राय इतनी विस्फोटक नहीं रखनी चाहिए कि वह किसी को सीधे तौर पर हिट करे। लेकिन, कंगना अपने विस्फोटक व्यूज के साथ हिट करती हैं। एक आर्ट‍िस्ट का भी अपना एक धर्म होता है।”

महाराष्ट्र  सरकार भी उनके प्रति  कठोर थी
BJP सांसद ने आगे कहा, “कलाकारों की भी अपनी एक जिम्मेदारी होने चाहिए, या आपको इसे स्पष्ट रूप से बताना चाहिए अगर आप राजनीति में शामिल हो गए हैं। मैं समझ गया कि जब उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु के बाद बात की थी और मुझे लगता है कि महाराष्ट्र राज्य सरकार भी उनके प्रति थोड़ी कठोर थी। वह भी सही नहीं था। लेकिन, एक कलाकार को विनम्र रहना चाहिए।”

हमें उनका सम्मान करना चाहिए
मनोज तिवारी ने कहा, “आपको अपने विचार रखने चाहिए, पर किसी का अपमान करना हमारे देश की संस्कृति में नहीं है। हर किसी को मुख्यमंत्री का पद धारण करने वाले व्यक्ति का सम्मान करना चाहिए। लोग हमारे प्रधानमंत्री के बारे में ऐसी बातें कहते हैं और मैं उनसे कहना चाहता हूं कि जो लोग हमारे देश में प्रमुख पदों पर हैं, हमें उनका सम्मान करना चाहिए। उनकी हर तरह से आलोचना करें, पर सम्मान के साथ। मर्यादित भाषा होनी चाहिए, पर कंगना भाषा में कभी-कभी मर्यादा खो देती हैं।”

आखिर अनुराग कश्यप को दिक्कत क्या है

मनोज तिवारी ने इस इंटरव्यू में फिल्ममेकर अनुराग कश्यप के बारे में भी बात करते हुए कहा कि वह नहीं समझ पा रहे हैं कि आखिर अनुराग कश्यप को क्या दिक्कत है। मनोज तिवारी ने बताया, “मैंने अनुराग कश्यप को फोन भी किया था और पूछा था कि क्या हुआ। लेकिन, वह नहीं बदले। मैं समझ नहीं पाया कि आखिर उन्हें सरकार के साथ क्या दिक्कत है। अनुराग ने पब्लिकली यह जाहिर किया कि हां उन्हें सरकार से दिक्कत है। बाद में मैंने उनसे बातचीत बंद कर दी। लेकिन, अभी वह ठीक हैं और कुछ ऐसी बात नहीं कर रहे हैं।”