मेरठ में आज आम आदमी पार्टी कीं महापंचायत, जानिए कितने बजे आएंगे अरविंद केजरिवाल

Meerut Zone

मेरठ (www.arya-tv.com) तीनों कृषि कानून के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार सुबह 11 बजे मेरठ में दिल्ली बाईपास स्थित संस्कृति रिसोर्ट में किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। शनिवार रात तक इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि किसानों की लड़ाई को आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी।

अरविंद केजरीवाल की किसान महापंचायत में करीब आठ हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। लगभग 3600 वर्ग फीट के मंच से केजरीवाल किसान पंचायत को संबोधित करेंगे। कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए दो-दो फीट की दूरी पर कुर्सयिां लगाई गई हैं। महापंचायत की तैयारियों को लेकर सभाजीत सिंह ने शनिवार को पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि महापंचायत में मेरठ समेत कई मंडलों से किसान नेता, खापों के जिम्मेदार तथा किसान शामिल होंगे। तीनों कृषि कानून किसानों के लिए फांसी का फंदा हैं।

पार्टी इन कानूनों को वापस कराकर ही दम लेगी। इस दौरान प्रदेश के सह-प्रभारी नदीम जायसी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरबजीत मक्कड़, प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, महिला प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव, प्रदेश प्रवक्ता पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव मीनाक्षी श्रीवास्तव, यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष फैसल वारसी के अलावा मेरठ जिला महासचिव अभिषेक द्विवेदी, सुशील पटेल आदि मौजूद थे।

कांग्रेस छोड़ आप की सदस्यता ली: आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कांग्रेस के कई पदाधिकारियों को पार्टी में शामिल किया। इनमें मेरठ महानगर कांग्रेस के उपाध्यक्ष सलीम पठान, पूर्व उपाध्यक्ष इरशाद खान, पूर्व उपाध्यक्ष (कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग) वकील अक्कासी, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस सांस्कृतिक विभाग शाहिद सैफी, पूर्व उपाध्यक्ष युवक कांग्रेस जावेद सिद्दीकी आदि ने आप की सदस्यता ग्रहण की।

कड़ी सुरक्षा में होगी सभा

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की सभा में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कर दिए है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि सीओ दौराला के नेतृत्व में दौराला, पल्लवपुरम, कंकरखेड़ा, टीपीनगर और परतापुर थानों की पुलिस सभा स्थल पर रहेगी। यातायात पुलिस को अलग से लगाया गया है।