लखनऊ। सरकारी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेंचमार्क कीमतों में मजबूती के बीच 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी की है। नई दरें गुरुवार से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है। सितंबर में भी इसकी कीमत में 9.50 रुपये का इजाफा किया गया था।
अगस्त और जुलाई में घटे थे दाम
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इससे पहले अगस्त में 192 रुपये और जुलाई में 183.50 रुपये की कटौती की गई थी। वहीं, वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान और अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी के बीच जून में कमर्शियल एलपीजी के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए थे। फरवरी से जून के बीच 19 किलो के सिलेंडर की कीमत में कुल 1,373 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इस दौरान इसकी कीमत 1,740.50 रुपये से बढ़कर 3,113.50 रुपये तक पहुंच गई थी।
घरेलू LPG के दाम में बदलाव नहीं
हालांकि घरेलू इस्तेमाल वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये में ही मिलेगा। पश्चिम एशिया संकट से जुड़ी आपूर्ति बाधाओं और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा कीमतों में तेजी के बीच मार्च से जून के दौरान घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 89 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी हुई थी।
ATF भी हुआ ₹16 प्रति लीटर महंगा
एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में भी 16 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद घरेलू एयरलाइंस के लिए एटीएफ की कीमत 121 रुपये से बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई है। सितंबर में इसमें 6.28 रुपये यानी 5.46 प्रतिशत और अगस्त में पांच रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। एटीएफ किसी एयरलाइन की परिचालन लागत का करीब 40 प्रतिशत तक हिस्सा होता है। ऐसे में विमान ईंधन की कीमत में बदलाव का असर एयरलाइंस की लागत पर पड़ सकता है।
अंतरराष्ट्रीय कीमत और डॉलर-रुपये की दर का असर
तेल कंपनियों के मुताबिक एलपीजी और एटीएफ की कीमतों में संशोधन अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क कीमतों और रुपये-डॉलर विनिमय दर में बदलाव को ध्यान में रखकर किया जाता है। एलपीजी और एटीएफ की कीमतों में हर महीने की पहली तारीख को संशोधन किया जाता है। स्थानीय कर, जैसे वैट, के कारण अलग-अलग राज्यों में कीमतें अलग हो सकती हैं। वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
