समाजवादी पार्टी के निवर्तमान जिला अध्यक्ष शराफत अली के एक कथित बयान को लेकर हरदोई में विवाद खड़ा हो गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती को लेकर जातिसूचक टिप्पणी किए जाने के आरोप में गुरुवार को भाजपा महिला मोर्चा समेत कई संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर में नारेबाजी करते हुए शराफत अली का पुतला फूंका और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
बताया जा रहा है कि बुधवार को आयोजित एक जनसभा के दौरान शराफत अली ने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती को लेकर कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी की थी। बयान सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और गुरुवार को विभिन्न संगठनों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
प्रदर्शनकारियों ने शराफत अली के खिलाफ अनुसूचित जाति उत्पीड़न अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती ने भी कथित टिप्पणी पर गहरा विरोध जताते हुए इसे महिलाओं के प्रति विरोधी मानसिकता बताया।
पहले भी विवादों में रहे हैं शराफत अली
गौरतलब है कि कुछ माह पहले शराफत अली पर अपनी ही पार्टी की पूर्व सांसद उषा वर्मा और पूर्व विधायक राजेश्वरी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप लगे थे। उस प्रकरण के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिले की कार्यकारिणी भंग कर दी थी और शराफत अली को जिला अध्यक्ष पद से हटा दिया था।
पिछला विवाद पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर कथित टिप्पणी का मामला सामने आने से हरदोई की सियासत फिर गरमा गई है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
