लंदन हाईकोर्ट से माल्या को राहत, फिर लटका भारत लाने का मामला

# International

भारतीय बैंकों को 9 हजार करोड़ रुपये का चूना लगाकर लंदन में बैठे विजय माल्या को लंदन कोर्ट से राहत मिली है। इस बीच माल्या ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए। माल्या ने कहा कि वह तो पहले से ही कह रहे हैं कि पैसे ले लो और इसके साथ ही मामला खत्म कर सकते हैं।

ट्वीट में क्या लिखा माल्या ने
भगवान महान है, न्याय जरूर होता है। मैंने हमेशा कहा है कि मेरे ऊपर लगे आरोप गलत हैं। मैं बैंकों का पैसा लौटाने के लिए तैयार हूं। सारा बैलेंस क्लियर कीजिए। मैं सभी कर्मचारियों के पैसे देना चाहता हूं और जिंदगी में आगे बढ़ना चाहता हूं।

माल्या ने सीबीआई पर गलत केस करने की बात कही है। आपको बता दें कि शराब कारोबारी विजय माल्या को भारत लाने के लिए एजेंसियां पूरी कोशिश कर रही हैं। हालांकि अभी भी वह लंदन में है।

लंदन की हाईकोर्ट में विजय माल्या से जुड़े मामले में सुनवाई हुई। ब्रिटेन के गृह सचिव ने विजय माल्या को भारत प्रत्यर्पित करने का आदेश दिया था। जिसके खिलाफ माल्या ने अपील की थी, जो कि अदालत ने स्वीकार कर ली है।

मार्च 2016 में माल्या लंदन भाग गया था। माल्या को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार और भारतीय जांच एजेंसियां लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन अभी तक सफल नहीं हो पाईं। दिसंबर 2018 में लंदन की वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने माल्या को भारत भेजने का फैसला सुनाया था।